बंग भवन में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मिले एनसीपीआई के 20 सांसद
नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल हुए 20 सांसदों ने मंगलवार को बंग भवन में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की। इस बैठक में
मुर्शिदाबाद क्षेत्र के तीन मुस्लिम सांसद- अबू ताहिर, खलीलुर्रहमान और यूसुफ पठान भी शामिल रहे। बैठक में पश्चिम बंगाल के प्रभारी केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव और सांसद निशिकांत दूबे भी मौजूद रहे।
एनसीपीआई के अबू ताहिर, खलीलुर्रहमान और यूसुफ पठान साप्ताहिक मंगल मिलन बैठक में नहीं पहुंच रहे थे। आज भी तीनों सांसदों ने बैठक में भाग नहीं लिया। जिसके बाद तीनों सांसदों के एनसीपीआई छोड़कर दोबारा तृणमूल कांग्रेस में जाने की अटकलें तेज़ हो चली थीं।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात के दौरान तीनों सांसदों ने स्पष्ट किया कि वे एनसीपीआई में ही हैं और आगे भी पार्टी के साथ बने रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में वे नियमित रूप से ‘मंगल मिलन’ बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।
सुवेंदु अधिकारी को दिल्ली इसी काम के लिए बुलाया गया था। ताकि सांसदों से बात कर स्थिति ठीक करें।
इस मुलाकात से पहले संसद में मीडिया से बात करते हुए नेशनलिस्ट सिटिज़न्स पार्टी ऑफ़ इंडिया के सांसद और पार्टी के फ्लोर लीडर सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि उनकी पार्टी को अभी तक मान्यता नहीं दी गई है। इस बारे में प्रधानमंत्री मोदी से भी बात की गई है। लोकसभा अध्यक्ष से भी बात की गई है। इस संबंध में अभी तक कोई सूचना नहीं मिली।
उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस द्वारा दायर दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता संबंधी याचिकाओं पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का अंतिम फैसला अभी आना बाकी है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी