सुकमा में नक्सली डम्प से दाे टिफिन बम सहित भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

 


सुकमा, 28 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कुकानार थाना क्षेत्र में दुमनपारा और जोंगेरास के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया है। सुकमा पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई 28 अक्टूबर को आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर की गई।

सुकमा के एएसपी मनोज तिर्की ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि, अभियान के दौरान बरामद नक्सली डम्प की तलाशी लेने पर पांच और तीन किलोग्राम के दो टिफिन आईईडी बरामद किए गए। इसके अलावा 315 बोर के 14 जिंदा कारतूस, 14 जिलेटिन रॉड और 80 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर भी मिले। इसके अलावेडम्प से करीब 30 मीटर कॉर्डेक्स वायर, 15 मीटर सेफ्टी फ्यूज और लगभग 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर भी बरामद किया गया है। वहीं सात बड़े और सात छोटे बीजीएल कारतूस, वायरलेस सेट और अन्य संचार उपकरणों की बैटरियां, चार्जर, बीजीएल सेल निप्पल, डीसी चार्जर, मैगजीन पाउच, वर्दी और अन्य उपयोगी सामग्री भी मिली है। बरामदगी में नीले रंग का प्लास्टिक कंटेनर सहित कुल 23 प्रकार की सामग्री शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे