बीजापुर में नक्सली डम्प से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख रुपये नकद बरामद
बीजापुर, 28 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास के जंगलों से सुरक्षाबलों ने जमीन में छिपाकर रखा गया नक्सली डम्प बरामद किया है। इसमें 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद मिले हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत चार करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।
बीजापुर पुलिस के अनुसार, शनिवार को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास के जंगलों में जमीन के अंदर नक्सली डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर बीजापुर के पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस और बीडीएस की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया।
थाना भैरमगढ़ से करीब आठ से दस किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास चिन्हित स्थान पर सर्चिंग की गई। इस दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी के बाद जमीन के अंदर दबाकर रखा गया स्टील का डिब्बा बरामद किया। उसकी जांच करने पर सोने के 33 बिस्किट मिले। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है। इनका कुल वजन 330 तोला (3.84 किलोग्राम) और अनुमानित मूल्य चार करोड़ 29 लाख रुपये है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद मिले।
बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों की कार्रवाई में अब तक जिले के अलग-अलग स्थानों से नक्सली डम्प के रूप में कुल आठ करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे