छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नक्सली डंप से बड़ी मात्रा में हथियार एवं विस्फोटक बरामद

 


सुकमा, 09 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सुकमा-ओडिशा सीमा पर मलकानगिरी जिले के माथिली थाना क्षेत्र के किरमिटी और कटुआपदर के जंगल में मंगलवार काे सुरक्षाबलाें के संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के डंप से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

मलकानगिरी पुलिस अधीक्षक विनोद पाटिल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर मलकानगिरी डीवीएफ-बीएसएफ की संयुक्त टीमों ने मंगलवार सुबह सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। बरामद सामग्री में एक लाइट मशीनगन, दो इंसास राइफल, दो टिफिन बम, आठ किलो का शक्तिशाली बम, एक ग्रेनेड, एके-47 की मैगजीन, 18 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर वायर, वायरलेस रिमोट स्विच, वॉकी-टॉकी, सोलर प्लेट, इलेक्ट्रिक वायर समेत अन्य नक्सल सामग्री मिली है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे