राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2024-25 पुरस्कार वितरण समारोह मंगलवार को
नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। संसद भवन में मंगलवार को विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता, 2024-25 का पुरस्कार वितरण समारोह वितरण किए जाएंगे।
संसदीय कार्य मंत्रालय के अनुसार विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समारोह की अध्यक्षता करेंगे। वह प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुरस्कार विजेता विश्वविद्यालयों-कॉलेजों और छात्रों को पुरस्कार वितरित करेंगे। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर स्थित कश्मीर विश्वविद्यालय के छात्र पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान अपनी युवा संसद की बैठक का पुनः प्रदर्शन करेंगे। इन छात्रों ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
युवा संसद योजना का उद्देश्य युवा पीढ़ी में आत्म-अनुशासन, विचारों की निष्पक्ष अभिव्यक्ति, संसद की कार्यप्रणाली से अवगत, वाद-विवाद की तकनीकों से परिचित, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी भाषण कला का विकास करना है।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी रनिंग पार्लियामेंट्री शील्ड दी जाएगी और यह ट्रॉफी जम्मू-कश्मीर स्थित कश्मीर विश्वविद्यालय को प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में समूह स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 7 विश्वविद्यालयों-कॉलेजों को भी मंत्री की ओर से समूह स्तरीय विजेता ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इनमें डीएवी कॉलेज, जालंधर (पंजाब), जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता (पश्चिम बंगाल), शिवाजी विश्वविद्यालय, कोल्हापुर (महाराष्ट्र), पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (बठिंडा), एसएसएमआरवी कॉलेज, बेंगलुरु (कर्नाटक), चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, पटना (बिहार) और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी