राष्ट्रीय लोक अदालत में 11.08 करोड़ रुपये के मामलों का निपटारा

 


पश्चिम बर्दवान, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएएस) की ओर से शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। आसनसोल जिला न्यायालय में 10 तथा दुर्गापुर कोर्ट में छह, यानी कुल 16 बेंचों के माध्यम से विभिन्न मामलों की सुनवाई कर उनका निपटारा किया गया।

लोक अदालत के दौरान प्री-लिटिगेशन के चार हजार 304 मामलों को सूचीबद्ध किया गया, जिनमें से तीन हजार 577 मामलों का सेटलमेंट किया गया। इन मामलों से कुल दो करोड़ 45 लाख 67 हजार 950 रुपये की राशि प्राप्त हुई।

वहीं, लंबित मामलों में एनजीपी/मोटर केस, ट्रैफिक चालान, मोटर एक्सीडेंट क्लेम, बिजली बिल समेत कुल सात हजार 430 मामले शामिल थे। इनमें से छह हजार 852 मामलों का निपटारा किया गया। इन मामलों के सेटलमेंट के बाद आठ करोड़ 62 लाख 38 हजार 205 रुपये की राशि प्राप्त हुई।

इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पश्चिम बर्दवान जिले में कुल 10 हजार 429 मामलों का निपटारा किया गया और कुल 11 करोड़ आठ लाख 15 हजार 155 रुपये की राशि का सेटलमेंट/संग्रह हुआ।

राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला जज देवप्रसाद नाथ, सचिव अम्रपाली चक्रवर्ती, ऑफिस मास्टर सौमजीत मुखर्जी, गौतम परिबर्तो और आशीष चक्रवर्ती समेत अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आसनसोल में आयोजित बेंचों में एडीजे थर्ड कोर्ट के सोमनाथ मुखर्जी, एडीजे स्पेशल कोर्ट के अरिंदम चटर्जी, ज्यूडिशियल जज एग्जीक्यूटिव पॉक्सो कोर्ट की सुबर्णा बनर्जी, सिविल जज सीनियर डिवीजन फर्स्ट कोर्ट के उत्तम दास, सिविल जज सीनियर डिवीजन सेकंड कोर्ट की उर्मि सिन्हा, ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फिफ्थ कोर्ट के सुब्रोधिप मजूमदार तथा ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट थर्ड कोर्ट की सप्तमिता दास ने विभिन्न मामलों का निपटारा किया।

राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन का उद्देश्य लोगों को आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से मामलों का त्वरित एवं सरल समाधान उपलब्ध कराना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा