नासिक दुष्कर्म मामले में ईडी के ११ ठिकानों पर छापे, खरात को ७ दिन की न्यायिक कस्टडी
मुंबई, 13 अप्रैल (हि.स.)। नासिक दुष्कर्म मामले की जांच में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम भी शामिल हुई और अशोक खरात से संबंधित ११ ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। नासिक जिला न्यायालय ने खरात को दुष्कर्म के तीसरे मामले में ७ दिन की न्यायिक कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) अशोक खरात को मंगलवार को दुष्कर्म के चौथे मामले में न्यायालय में पेश करेगा।
इस मामले की छानबीन कर रहे एसआईटी अधिकारी ने बताया कि दुष्कर्म के तीसरे मामले में खरात को पांच दिन की पुलिस कस्टडी मिली थी। जो आज खत्म हो रही थी, इसलिए खरात को वीसी के माध्यम से न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय ने तीसरे मामले में खरात को ७ दिन की न्यायिक कस्टडी दी है। दुष्कर्म के चौथे मामले में आरोपित खरात को मंगलवार को फिर न्यायालय में पेश किया जाएगा और पुलिस कस्टडी मांगी जाएगी। नासिक दुष्कर्म मामले में आरोपित अशोक खरात पर कुल १४ मामले दर्ज हैं। इनमें ८ मामले दुष्कर्म के हैं और छह मामले धोखाधड़ी के हैं।
एसआईटी अधिकारी ने बताया कि आज सुबह से ईडी और एसआईटी की टीम नासिक में पांच जगह, पुणे में तीन जगह और अहिल्यानगर शिर्डी में तीन जगह छापेमारी कर रही है। इनमें अशोक खरात का आवास तृप्तिबाला बंगला, इशानेश्वर मंदिर के पास फार्महाउस शामिल है। ईडी खरात की ओर से किए गए जमीन व्यवहार में किए गए लेन-देन, बैंक खातों की भी जांच कर रही है। अधिकारी अभी खरात की प्रॉपर्टी को नाप रहे हैं और उनकी मौजूदा मार्केट वैल्यू का अंदाज़ा लगा रहे हैं। वे इन प्रॉपर्टी को खरीदने के पीछे के मकसद की भी जांच कर रहे हैं। इसके अलावा ईडी के अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि कुछ प्रॉपर्टी में पार्टनर को क्यों शामिल किया गया। नासिक दुष्कर्म मामले की एसआईटी, ईडी के साथ ही आयकर विभाग भी आर्थिक व्यवहार की जांच कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव