असम में नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान आरंभ
नगांव (असम), 06 अक्टूबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच आज सुबह सात बजे आरंभ हो गया। नगांव और मोरीगांव जिला प्रशासन ने इसकी पुष्टि की । मतदान शाम 5 बजे खत्म होगा। चुनाव में कुल 19,02,009 मतदाता 15 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे।
प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उप चुनाव में मुख्य रूप से राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता भाजपा, कांग्रेस एवं एआईयूडीएफ के बीच देखी जा रही है।
कुल मतदाताओं में 9,58,595 पुरुष, 9,43,364 महिलाएं और 50 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,112 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें पांच सहायक मतदान केंद्र भी शामिल हैं। इनमें पांच आदर्श मतदान केंद्र और 335 महिला प्रबंधित मतदान केंद्र हैं।
मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 9,664 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है। मतदान कर्मी आवश्यक चुनाव सामग्री के साथ अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं।
असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल के नेतृत्व में दोनों जिलों में कानून-व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन सहित चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई है। निगरानी के लिए 86 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 69 फ्लाइंग स्क्वाड और 69 स्टेटिक सर्विलांस टीमें भी सक्रिय हैं।
85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और मतदाता सूची में चिन्हित दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से डाक मतपत्र के जरिए मतदान की प्रक्रिया जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 60(सी) के तहत पहले ही पूरी की जा चुकी है।
चुनाव की प्रभावी निगरानी के लिए सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने सभी मतदाताओं से चुनाव में भाग लेने और अपने लोकतांत्रिक मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। मतों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय