मणिपुर में उग्रवादी संगठनों के अनेक कैडर गिरफ्तार, हथियार व विस्फोटक बरामद
इम्फाल, 07 मई, (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस द्वारा बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के कई कैडरों को गिरफ्तार किया। गुरुवार को जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, अभियान के दौरान भारी मात्रा में नकदी, हथियार, विस्फोटक और अन्य सामान भी बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग थाना क्षेत्र स्थित लामलोंगेई आवांग लेकाई निवासी केसीपी (पीएससी- पोलित ब्यूरो स्टैंडिंग कमेटी) के कैडर हाओबाम जॉनसन मैतेई (25) उर्फ सनाथोई उर्फ सागेई को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया गया। इसी संगठन की एक महिला कैडर सलाम ओंगबी कोंजेंगबाम करुणा देवी (51) उर्फ पिपिक को भी इंफाल थाना क्षेत्र के सगोलबंद मेइनो लेइराक स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 6.81 लाख रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया गया।
एक अन्य अभियान में प्रीपाक (पीआरओ) के कैडर वांगखेम रोहित सिंह उर्फ अंगखेई (25) को चिंगमेइरोंग मानिंग लेकाई स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो मोबाइल फोन और 1400 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं, मणिपुर पुलिस ने तीन मई को इंफाल एयरपोर्ट के निकट हुए विस्फोट मामले में संलिप्त केसीपी (पीएससी) के कैडर लैशराम इबोमचा मैतेई (47) को इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपित को 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया है और मामले की आगे जांच जारी है। उसके पास से एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद किया गया।
इससे पहले सुरक्षा बलों ने यूकेएनए के स्वयंभू लेफ्टिनेंट सीमेनलाल हाओकिप (22) को चुराचांदपुर जिले के एम सोंगगेल गांव से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के आधार पर सुरक्षा बलों ने एस खोलें और उखा लोइखाई के जंगल क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक 7.62 एमएम एके-47 राइफल, एक एके मैगजीन, एक ब्लॉक .32 एसीपी पिस्तौल, एक 9 एमएम पिस्तौल मैगजीन, विभिन्न बोर के 26 जिंदा कारतूस, दो हैंड ग्रेनेड, चार आईईडी, एक रेडियो सेट, एक मारुति जिप्सी वाहन तथा एक स्मार्टफोन बरामद किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश