महिलाएं अब देश-प्रदेश तक सीमित नहीं, उनका वैभव विश्व पटल पर हो रहा उजागर : ज्योतिरादित्य सिंधिया
मप्र के अशोकनगर में आजीविका बहनों के संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया
अशोक नगर, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महिला सशक्तीकरण के प्रयासों से आजीविका मिशन की लखपति दीदियां नये आयाम स्थापित कर आर्थिक उन्नति की ओर अग्रसर हो रही हैं। दीदियों की कहानी जिला, प्रदेश और देश तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इनका वैभव विश्व पटल पर उजागर हो रहा है।
यह बात केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के अशोक नगर के विधि महाविद्यालय में आयोजित आजीविका बहना संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में 05 लखपति दीदियों ने आजीविका मिशन द्वारा संचालित स्व सहायता समूह के माध्यम से अपने आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने की अपनी कहानियां बताई हैं, वह निश्चित रूप से आगे बढने की प्रेरणा अन्य स्व सहायता समूह की महिलाओं को देती है। महिलाएं घर के अंदर रहकर भी स्व सहायता समूह से जुड़कर अपनी मेहनत एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रकृति को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर एक पेड मां के नाम बीज बोते है, वही वट वृक्ष बनकर छाया एवं पानी देता है। यही कहानी लखपति दीदियों की है। लखपति दीदियां अब आत्मनिर्भर बनकर बैंक, शासकीय कार्यालयों में निसंकोच पहुंचकर कार्यो को संपादित कर रही हैं।
सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 12 वर्ष पहले जो सपना देखा था, उसकी शुरुआत हो चुकी है। भारत विश्व की चौथी आर्थिक शक्ति बन गया है। विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने के लिए महिलाओं का योगदान आवश्यक है। भारत को विश्व में आगे बढने के लिए कोई शक्ति नहीं रोक सकती।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए बदरवास में विदेशी तकनीक से लैस सिलाई मशीनों के द्वारा जैकेट तैयार किये जाने का प्रशिक्षण 600 महिलाओं को दिलाया जा रहा है। इसके उत्पादन को देश एवं विदेश में पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
संवाद के दौरान केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने बहनों से स्व सहायता समूह में जुडने से लेकर लखपति दीदी बनने तक के सफर के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। लखपति दीदियों ने स्व सहायता समूह से जुडने से पूर्व की स्थिति तथा स्व सहायता समूह से जुडने के पश्चात आर्थिक उन्नति के सफर के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा 34 स्व सहायता समूहों को 01 करोड़ 42 लाख रुपये की राशि का चैक वितरित किया गया। कार्यक्रम में स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा स्टॉल लगाकर विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। केन्द्रीय मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा सभी स्टॉलों पर पहुंचकर उत्पादों का अवलोकन किया तथा सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलन एवं पूजा अर्चना के साथ किया गया। इस मौके पर स्कूली छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने ग्राम सेमरखेडी में विद्युत सब स्टेशन का किया लोकार्पण
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया में गुरुवार को अशोकनगर जिले की विकासखण्ड मुंगावली के ग्राम सेमरखेडी में नवनिर्मित विद्युत सब स्टेशन का लोकार्पण किया। इस विद्युत सब स्टेशन की लागत 02 करोड़ 25 लाख है। विद्युत उपकेंद्र की विद्युत क्षमता 5 एमवीए है। इस विद्युत सब स्टेशन से 16 ग्राम लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित विद्युत सब स्टेशन के प्रारंभ होने से आसपास के ग्रामों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली सुनिश्चित हो सकेंगे, जिससे किसानों एवं ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर