मप्र के इंदौर में वेस्ट जोन रीजनल कॉन्फ्रेंस शनिवार से
- देश के मुख्य न्यायाधीश सहित उच्चतम एवं उच्च न्यायालयों के न्यायाधीश होंगे शामिल
इंदौर, 07 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली, मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर तथा मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 08 अगस्त से इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में वेस्ट जोन रीजनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है।
जनसम्पर्क अधिकारी पुष्पेन्द्र वास्कले ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय सम्मेलन में भारत के मुख्य न्यायाधीश, उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री, कानून और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), मुख्य न्यायाधीश, मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष, पश्चिमी क्षेत्र के उच्च न्यायालयों के विधिक सेवा समितियों के अध्यक्ष और पश्चिमी क्षेत्र के राज्य विधिक सेवा प्राधिकरणों के सदस्य सचिव, न्यायिक अधिकारी और अन्य प्रतिष्ठित नागरिक शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर