प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नया भारत बन रहा है वैश्विक शक्ति का प्रतीक: मोहन यादव

 


भोपाल, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास, सुशासन और सांस्कृतिक गौरव का नया अध्याय लिखा है। नया भारत वैश्विक शक्ति का प्रतीक बन रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर राम मंदिर तक भारत का वैश्विक और सांस्कृतिक स्वरूप बदलकर देश का आत्मविश्वास बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के तहत पौधारोपण कर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन के साथ विकास व वैश्विक प्रतिष्ठा के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। वर्ष 2014 से पहले आतंकवादी घटनाओं और सीमा पार से आने वाली चुनौतियों पर देश की प्रतिक्रिया सीमित दिखाई देती थी, लेकिन आज भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करता। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी आतंकवाद के विरुद्ध की गई निर्णायक कार्रवाइयों ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि नया भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा और राष्ट्र के सम्मान की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने में सक्षम है।

उन्होंने कहा कि यह बदलते भारत की शक्ति, संकल्प और आत्मविश्वास का परिचायक है। भारत आज आधारभूत संरचना, तकनीकी नवाचार, डिजिटल सेवाओं, औद्योगिक विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। एक्सप्रेस-वे, रेलवे, मेट्रो, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर भी प्रभावी भूमिका निभा रहा है और विश्व के महत्वपूर्ण निर्णयों में उसकी भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान, पारदर्शी शासन व्यवस्था और जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल ने देश को नई दिशा प्रदान की है। आज भारत का प्रत्येक नागरिक राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का सहभागी बन रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभा रहा है।

कांग्रेस शासन में देश राजनीतिक अस्थिरता, निर्णयहीनता व भ्रष्टाचार से जूझ रहा था

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। कांग्रेस के शासन काल में एक समय ऐसा था जब देश राजनीतिक अस्थिरता, निर्णयहीनता और भ्रष्टाचार जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के प्रधान सेवक के रूप में कार्य प्रारंभ करने के बाद स्थितियां तेजी से बदली हैं। भारत आज विश्व के सबसे प्रभावशाली देशों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को ऐसा नेतृत्व प्रदान किया है, जिसने भारत के प्रति देशवासियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ विश्व समुदाय का भी भरोसा जीता है। आज भारत की पहचान केवल एक बड़े लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में ही नहीं, बल्कि एक निर्णायक, सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व वाले देश के रूप में स्थापित हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं को पुनर्स्थापित करने का कार्य किया है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा का समन्वय स्थापित किया गया है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक अभियान है। हम सभी का दायित्व है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर