मप्रः उज्जैन में धूमधाम से निकली भगवान महाकाल की श्रावण मास की दूसरी सवारी

 






- पालकी में चंद्रमौलेश्वर और भगवान मनमहेशहाथी पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले

उज्जैन, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली सवारियों के क्रम में सावन दूसरे सोमवार विश्व प्रसिद्ध ज्योतर्तिंग भगवान की महाकाल दूसरी सवारी धूमधाम से निकली। अवंतिकानाथ बाबा महाकाल चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर और हाथी पर मनमहेश स्वरूप में नगर भ्रमण पर निकले और निकले अपनी प्रजा का हाल जाना।

सवारी निकलने से पूर्व कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने दोपहर 3:30 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर के सभामंडप में भगवान महाकालेश्वर का षोडशोपचार पूजन-अर्चन किया। इसके बाद आरती संपन्न हुई। पूजन-अर्चन और आरती शासकीय पुजारी पं. घनश्याम शर्मा ने संपन्न कराई। इसके बाद अवंतिकानाथ भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर और मनमहेश स्वरूप में पालकी में सवार होकर अपनी प्रजा का हाल जानने और भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकले।

सवारी श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची, जहां सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने पालकी में विराजित भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं, हाथी पर सवार भगवान मनमहेश के स्वरूप पर पुष्पवर्षा की गई। सवारी मार्ग के दोनों ओर हजारों श्रद्धालुओं ने पालकी में विराजित श्री चंद्रमौलेश्वर और हाथी पर सवार मनमहेश भगवान के भक्तिभाव से दर्शन किए।

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद सवारी श्री महाकालेश्वर मंदिर से गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंची। यहां भगवान महाकालेश्वर चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में अपने भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए मां क्षिप्रा के तट पर पहुंचे। यहां मां क्षिप्रा के जल से भगवान महाकाल का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया गया।

रामघाट पर श्री चंद्रमौलेश्वर और मनमहेश के पूजन के बाद सवारी रामानुजकोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती समाज मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार होते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर वापस पहुंची। सवारी के आगे घुड़सवार, पुलिस बल और विभिन्न भजन मंडलियां भगवान भोलेनाथ का गुणगान एवं भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे।

आकर्षण का केंद्र रहा जनजातीय नृत्य

श्री महाकालेश्वर भगवान की दूसरे सोमवार की सवारी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप जनजातीय नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। सवारी को अधिक भव्य रूप देने के लिए प्रत्येक सवारी में अलग-अलग थीम रखी गई है। इसी क्रम में दूसरे सोमवार की सवारी में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जनजातीय नृत्य दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। ये प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

सावन की रिमझिम फुहारों के बीच निकली सवारी में शिवभक्ति के साथ लोक संस्कृति के रंग भी देखने को मिले। मार्ग में लोक कलाकारों के नृत्य और धार्मिक जयकारों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। सवारी में झाबुआ-पेटलावद से आए कलाकारों ने भगोरिया शैली में नृत्य कर भगवान महाकाल की आराधना की। महिलाओं ने भी सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। सवारी मार्ग पर भगवान महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

चलित रथ के माध्यम से श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बाबा महाकाल की सवारी के सुगमतापूर्वक दर्शन के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा चलित रथ की व्यवस्था की गई। इसके दोनों ओर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सवारी का लाइव प्रसारण किया गया, जिससे श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए।

सवारी मार्ग पर हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल पर पुष्पवर्षा कर दर्शन किए। पूरे मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद रही। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से के.बी. पंड्या एवं उनके समूह ने आकर्षक रंगोली बनाकर भगवान चंद्रमौलेश्वर और मनमहेश का स्वागत किया।

भजन मंडलियों में सैकड़ों महिलाओं ने शिव स्तुतियां प्रस्तुत कीं। भजन मंडलियां उत्साहपूर्वक डमरू और मंजीरे बजाते हुए सवारी के आगे चल रही थीं। विशाल ध्वज के साथ बाबा श्री महाकाल की पालकी निकली। संपूर्ण सवारी मार्ग पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री महाकालेश्वर के चंद्रमौलेश्वर और मनमहेश स्वरूप के दर्शन किए।

पहली बार सवारी में शामिल हुई सुमा

इस बार महाकाल की सवारी में एक खास बदलाव देखने को मिला। करीब एक दशक से सवारी का हिस्सा रहे हाथी श्यामू के बीमार होने के कारण पशु चिकित्सा और वन विभाग ने इस बार मादा हाथी सुमा को शामिल करने का निर्णय लिया। सुमा पहली बार भगवान महाकाल की सवारी में शामिल हुई। वह पूरे रास्ते शांत और सहज भाव से चलती रही। सवारी में सुमा के शामिल होने को लेकर श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह नजर आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर