उज्जैन में सात दिवसीय 68वां अखिल भारतीय कालिदास समारोह आज से, केंद्रीय पर्यटन मंत्री करेंगे शुभारंभ
उज्जैन, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में शनिवार को महाकवि कालिदास की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित सात दिवसीय 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह शुरू होने जा रहा है। केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में सायं 6 बजे कालिदास संस्कृत अकादमी स्थित पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल हॉल में समारोह का शुभारम्भ होगा।
समारोह में सुप्रतिष्ठित राष्ट्रीय कालिदास सम्मान ‘रंगकर्म’ (वर्ष–2026) से सुविख्यात रंगकर्मी वाणी त्रिपाठी टिक्कू को अलंकृत किया जाएगा। समारोह 27 नवंबर तक कालिदास संस्कृत अकादमी परिसर में आयोजित होगा। इस दौरान देशभर के साहित्यकार, संस्कृत के विद्वान, रंगकर्मी और कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से आयोजन को खास बनाएंगे।
सात दिनों के आयोजन में महाकवि कालिदास के साहित्य, संस्कृत भाषा और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं पर केंद्रित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी, स्मृति व्याख्यान, संस्कृत नाटक, काव्यपाठ, वाद-विवाद और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
समारोह में 22 नवंबर को पंडित सूर्यनारायण व्यास स्मृति व्याख्यान, 23 नवंबर को महाकवि कालिदास स्मृति व्याख्यान और 24 नवंबर को पद्मश्री वाकणकर स्मृति व्याख्यान आयोजित होगा। 25 नवंबर को संस्कृत कवि समवाय और हिंदी नाटक की प्रस्तुति होगी। 26 नवंबर को संत समागम सहित अन्य आयोजन होंगे। 27 नवंबर को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ समारोह का समापन होगा।
इस बार समारोह में अखिल भारतीय नृत्य-नाटिका प्रतियोगिता भी विशेष आकर्षण रहेगी। 26 नवंबर को होने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के नृत्य दल हिस्सा लेंगे। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दलों को पांच लाख, तीन लाख और एक लाख रुपये के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे।
संस्कृति संचालक एनपी नामदेव ने बताया कि संस्कृति विभाग के तत्त्वावधान में कालिदास संस्कृत अकादमी एवं सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित 68वां अखिल भारतीय कालिदास समारोह के शुभारंभ अवसर पर रंगकर्मी वाणी त्रिपाठी टिक्कू को राष्ट्रीय कालिदास सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
नामदेव ने बताया कि रंगकर्म के क्षेत्र में उत्कृष्टता और श्रेष्ठ उपलब्धि को सम्मानित करने के उद्देश्य से वर्ष 1982 से कालिदास सम्मान प्रदान किया जा रहा है। यह सम्मान रंगकर्म में असाधारण सृजनात्मकता, उत्कृष्टता और दीर्घ कला-साधना के आधार पर दिया जाता है। अब तक 37 विभूतियों को कालिदास सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है। सम्मान के अंतर्गत 5 लाख की राशि, प्रशस्ति पट्टिका एवं शॉल-श्रीफल प्रदान किए जाते हैं।
भारतीय रंगमंच की प्रतिष्ठित हस्ती वाणी त्रिपाठी टिक्कू एक बहुआयामी कलाकार हैं, जिन्होंने अभिनय, रंगमंचीय प्रशिक्षण, नाट्य शिक्षा, सिनेमा और साहित्य के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। अकादमिक अध्ययन के साथ-साथ रंगमंच के प्रति उनकी गहरी रुचि निरंतर विकसित होती रही, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने लिविंग थिएटर अकादमी ऑफ ड्रामा से रंगकर्म का प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा भारतीय रंगमंच के महान निर्देशक एवं रंगगुरु इब्राहिम अल्काज़ी के मार्गदर्शन में अभिनय की बारीकियों को आत्मसात किया। रंगमंच के प्रति वाणी त्रिपाठी की रूचि जगाने में बैरी जॉन, माया राव, ब.व. कारंत और त्रिपुरारी शर्मा जैसे प्रतिष्ठित रंगकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विश्व साहित्य के प्रतिष्ठित नाटककारों जैसे एंतोन चेखव, पीटर शेफर, आर्थर मिलर और टेनेसी विलियम्स की प्रसिद्ध रचनाओं पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों में वाणी त्रिपाठी का अभिनय उनकी रंगमंचीय समझ और कलात्मक विविधता को दर्शाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर