मप्र के दो शिक्षकों का राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन, पांच सितंबर को नई दिल्ली में होगा सम्मान
- भोपाल की डॉ. अर्चना शुक्ला और सीधी के शैलेंद्र प्रताप सिंह को शिक्षक दिवस पर होंगे सम्मानित
भोपाल, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दो सरकारी शिक्षकों का इस साल राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयन हुआ। भोपाल की डॉ. अर्चना शुक्ला और सीधी के शैलेंद्र प्रताप सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। दोनों शिक्षकों को शिक्षक दिवस के मौके पर 5 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी सुनील वर्मा ने शनिवार को बताया कि भोपाल जिले के शासकीय सांदीपनी महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भेल की विज्ञान शिक्षिका डॉ. अर्चना शुक्ला और सीधी जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कंजवार के माध्यमिक शिक्षक (अंग्रेजी) एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने नवाचारों, समर्पण, जनभागीदारी और विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा के माध्यम से शासकीय स्कूलों में बदलाव की नई कहानी है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों से न केवल शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन लाया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपने जिले और मध्य प्रदेश का मान भी बढ़ाया है। दोनों शिक्षकों का चयन राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 के लिए हुआ है।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान की चयन प्रक्रिया बहु-स्तरीय और प्रतिस्पर्धात्मक है। डॉ. अर्चना शुक्ला मध्य प्रदेश से राज्य स्तर पर चयनित छह शिक्षकों में शामिल रहीं और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र महिला शिक्षिका रहीं। वहीं, शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र के एक सीमित संसाधनों वाले विद्यालय को अपनी नवाचारी सोच और जनभागीदारी के माध्यम से बेहतर शैक्षणिक वातावरण वाले विद्यालय के रूप में विकसित करने का अनुकरणीय कार्य किया है। उनके प्रयासों से विद्यालय में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बना और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिली।
भोपाल की डॉ. अर्चना शुक्ला का चयन
भोपाल स्थित सांदीपनि विद्यालय महात्मा गांधी की उच्च माध्यमिक शिक्षिका डॉ. अर्चना शुक्ला का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है। वह उच्च माध्यमिक कक्षाओं में शिक्षण कार्य कर रही हैं। राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान के लिए उनका चयन राजधानी के शिक्षा जगत के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सीधी के शैलेंद्र प्रताप सिंह भी चयन
सीधी जिले से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कंजवार के माध्यमिक शिक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह को पुरस्कार के लिए चुना गया है। उनके चयन के साथ प्रदेश के दो अलग-अलग क्षेत्रों से सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रदान किया जाता है। इस वर्ष चयनित शिक्षकों को 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। मध्य प्रदेश से दो सरकारी शिक्षकों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने से उनके विद्यालयों और संबंधित जिलों में भी खुशी का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर