ट्विशा शर्मा मौत मामला : दिल्ली एम्स की टीम ने किया दोबारा पोस्टमॉर्टम

 




भोपाल, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा के शव का रविवार को दिल्ली एम्स की 4 सदस्यीय टीम ने दोबारा पोस्टमॉर्टम किया। भोपाल एम्स में दोबारा पोस्टमॉर्टम करीब 3 घंटे तक चला। इस दौरान भोपाल एम्स में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। एम्स परिसर की मॉर्च्युरी के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।

दिल्ली एम्स से आई मेडिकल टीम ने शनिवार काे ट्विशा शर्मा के शव का भोपाल एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम किया। करीब तीन घंटे तक चली पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई। मॉर्च्युरी में आवश्यक दस्तावेजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। मौके पर ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा और परिवार के अन्य सदस्य एम्स परिसर में मौजूद हैं। परिजन लगातार पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं।

भोपाल एम्स में शव सौंपने की प्रक्रिया पूरी हाेने के बाद ट्विशा शर्मा के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा। एम्स मॉर्च्युरी के बाहर शव वाहन आ गया है। ट्विशा का अंतिम संस्कार शाम करीब पांच बजे भोपाल के भदभदा श्मशान घाट में किया जाएगा, जहां परिवार और करीबी लोग मौजूद रहेंगे। विधि-विधान के साथ ट्विशा को अंतिम विदाई दी जाएगी।

पोस्टमॉर्टम के बाद दिल्ली एम्स की टीम सैंपल लेकर हुई रवाना

दिल्ली एम्स की 4 सदस्यीय मेडिकल टीम ने ट्विशा शर्मा के शव का करीब तीन घंटे में दोबारा पोस्टमॉर्टम किया। इस दौरान कई पहलुओं की बारीकी से जांच की गई। पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद मेडिकल टीम अपने साथ तीन बॉक्स में साक्ष्य और सैंपल लेकर रवाना हुई है, जिन्हें आगे की जांच और एनालिसिस के लिए सुरक्षित रखा गया है।

इधर, ट्विशा शर्मा की अंतिम यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अर्थी सजाने के लिए फूल लाए गए हैं। परिजन अंतिम संस्कार की व्यवस्था में जुटे हुए हैं। ट्विशा की अर्थी सजने से पहले उनकी मां रो रही थीं, जिन्हें परिजन संभालते नजर आए। परिवार और करीबी लोग उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश करते रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर