(अपडेट) मप्र के उमरिया-अनूपपुर जिले की सीमा पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चार लोगों की मौत और 37 घायल
उमरिया/भोपाल, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया और अनूपपुर जिले की सीमा पर शुक्रवार की शाम श्रद्धालुओं की भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो पलट गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अनूपपुर जिले के गिंजरी गांव के ग्रामीण परिवार सहित तिवनी जंगल में पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचे थे। पूजा के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उमरिया-अनूपपुर बॉर्डर के पास तिवनी गांव की पुलिया पर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से करीब 10 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के दौरान ट्रॉली में सवार लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही उमरिया जिले के पाली थाना पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को 108 एम्बुलेंस की मदद से पाली अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि अनूपपुर जिले के गिंजरी गांव के ग्रामीण परिवारों के साथ तिवनी जंगल में पूजा करने आए थे। शाम को लौटते समय पुलिया पर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में 41 लोग सवार थे। इनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे।
उन्होंने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। इनमें दो ग्रामीणों ने मौके पर दम तोड़ दिया था, जबकि दो लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मृतकों की पहचान पड़मनिया निवासी घनश्याम गोड़ (45), सहबल बैगा (55) पुत्र गल्ली राम, निवासी गिजरी, अनूपपुर, भूपत सिंह (50) निवासी पड़मनिया एवं बीर सिंह (60) निवासी गिजरी) के रूप में हुई है।
हादसे में 37 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चे बताए गए हैं। कई लोगों को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में देर रात तक भीड़ लगी रही।
पाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर को भी कब्जे में ले लिया गया है। मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रॉली में क्षमता से ज्यादा लोग तो सवार नहीं थे। अधिकारियों ने घायलों के इलाज के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर