मप्र पर्यटन की प्रमोशनल फिल्म ‘द सितारिस्ट’ को ई-4 एम प्राइमटाइम अवार्ड्स में मिला गोल्ड अवॉर्ड

 


-‘द सितारिस्ट’ प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन वैभव को एक संवेदनशील एवं रचनात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने का प्रयास : डॉ. इलैयाराजा टी.

भोपाल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पर्यटन की प्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य, वैभवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करती प्रमोशनल फिल्म ‘द सितारिस्ट’ को ई-4 एम प्राइमटाइम अवार्ड्स में गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। अवॉर्ड समारोह का आयोजन गत 30 सितंबर को मुंबई में हुआ था।

मप्र पर्यटन विभाग के सचिव एवं पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पर्यटन की फिल्म को उत्कृष्ट रचनात्मकता और प्रभावी संचार के लिए यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड प्रदान किया गया है। फिल्म के माध्यम से मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य और विविध पर्यटन अनुभवों को आधुनिक, भावनात्मक और आकर्षक अंदाज में सामने रखा गया है।

प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा ने कहा कि मध्य प्रदेश की पहचान केवल इसके प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी समृद्ध कला, संस्कृति, संगीत और परंपराएं भी इसकी विशिष्ट पहचान हैं। ‘द सितारिस्ट’ इसी सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन वैभव को एक संवेदनशील एवं रचनात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने का प्रयास है। इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड से सम्मानित होना मध्य प्रदेश पर्यटन की रचनात्मक डेस्टिनेशन प्रमोशनल पहल के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने बताया कि इस फिल्म में प्रख्यात सितार वादक एवं संगीतकार पंडित रवि शंकर की पुत्री और शिष्या अनुष्का शंकर मुख्य भूमिका में रहीं, जो एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित कलाकार हैं, जिन्हें ब्रिटिश हाउस ऑफ़ कॉमन्स शील्ड, सॉन्गलाइन्स म्यूज़िक अवॉर्ड सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हैं। अनुष्का शंकर 14 बार ग्रैमी अवार्ड के लिए भी नामांकित हो चुकी हैं। यह फिल्म रचनात्मक संस्था स्पेन कम्युनिकेशन के सहयोग से बनाई गयी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर