इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले तीसरी बार धमकी, महापौर सचिवालय को बम से उड़ाने की चेतावनी

 




इंदौर, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट से पहले शहर में बम धमाकों की धमकियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। गुरुवार को इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है। इससे पहले निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को भी इसी तरह के संदेश भेजे जा चुके हैं।

लगातार मिल रही धमकियों के बाद पुलिस और साइबर टीम ने जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमकी भेजने के लिए देवास के एक युवक की हैक की गई ई-मेल आईडी का इस्तेमाल किया गया। ई-मेल अकाउंट के लॉगिन रिकॉर्ड में अमेरिका का संदिग्ध आईपी एड्रेस मिला है। बताया गया है कि इसके लिए वीपीएन का भी उपयोग किया गया था।

महापौर सचिवालय की ओर से ताजा धमकी मिलने के बाद क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ई-मेल वास्तव में किसने भेजे और इनके पीछे कोई संगठित साइबर नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि जांच में निखिल गुप्ता नाम के युवक की ई-मेल आईडी सामने आई है। वह देवास में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उनका अकाउंट इसी साल मार्च-अप्रैल में हैक हो गया था। वे लंबे समय से उसे दोबारा चालू कराने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने निखिल के बयान दर्ज किए हैं। तकनीकी जांच में अकाउंट के लॉगिन के दौरान अमेरिका के एक संदिग्ध आईपी एड्रेस का पता चला है। इस कनेक्शन में वीपीएन का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस का कहना है कि आईडी निखिल की होने का मतलब यह नहीं है कि धमकी उन्होंने ही भेजी है। वास्तविक भेजने वाले की पहचान के लिए डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

तीन बैंकों को भी मिले धमकी भरे संदेश

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह 10:30 से 10:36 बजे के बीच, दोपहर 12 बजे और 1:47 बजे अलग-अलग स्थानों पर धमकी भरे ई-मेल मिले। इनमें पंजाब नेशनल बैंक सहित तीन बैंक भी शामिल बताए गए हैं। संदेशों में दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए धमकी दी गई थी। साथ ही अभिभावकों को अपने बच्चों को कॉन्सर्ट में नहीं भेजने की चेतावनी दी गई। पुलिस को जांच के दौरान दो अलग-अलग ई-मेल आईडी मिली हैं। इनके आधार पर तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है।

डार्क वेब से डेटा खरीदने की आशंका की भी जांच

लगातार अलग-अलग ई-मेल आईडी से धमकियां मिलने के बाद पुलिस साइबर अपराध के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच में हैक किए गए अकाउंट और डार्क वेब के जरिए ई-मेल डेटा हासिल करने की आशंका जैसे बिंदुओं को भी शामिल किया गया है। पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में धमकियां फर्जी और भ्रामक पाई गई हैं। इसके बावजूद बार-बार ऐसे संदेश मिलने के कारण सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

15 नवंबर के कार्यक्रम की अनुमति पर फैसला बाकी

दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 ग्राउंड पर प्रस्तावित है। आयोजकों ने इसके लिए पुलिस प्रशासन से अनुमति मांगी है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, आवेदन और सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है। फिलहाल कार्यक्रम को अनुमति देने पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

दिलजीत बोले- इंदौर आकर सबसे पहले पोहा खाऊंगा

लगातार धमकियों के बीच दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर इंदौर आने को लेकर उत्साह जताया है। उन्होंने शहर की छप्पन दुकान की पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि वह इंदौर जरूर आएंगे और सबसे पहले यहां का पोहा खाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर