सूर्य की उत्तरायण यात्रा रविवार को होगी पूर्ण, कुछ पल के लिए गायब हो जाएगी आपकी परछाई

 


- मप्र के 14 जिलों में मनेगा जीरो शैडो डे उत्सव, दिन की अवधि साल की सबसे लंबी और रात होगी सबसे छोटी

भोपाल, 20 जून (हि.स.)। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए रविवार, 21 जून का दिन खास होने जा रहा है। इस दिन सूर्य अपनी उत्तरायण यात्रा पूरी करने जा रहा है। छह महीने पहले 21 दिसम्बर से आरंभ हुई इस यात्रा का रविवार दोपहर 1 बजकर 57 मिनट पर समापन होगा। इस दौरान कुछ पल के लिए आपकी परछाई गायब हो जाएगी।

मप्र की नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने शनिवार को इस खगोलीय घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कर्क रेखा पर स्थित स्थानों में स्थानीय दोपहर के समय सूर्य बिल्कुल सिर के ऊपर होगा, जिससे इन स्थानों पर कुछ पल के लिए सीधे खड़े व्यक्ति या किसी खंभे की परछाई गायब हो जाएगी। इस घटना को जीरो शैडो डे कहा जाता है।

उन्होंने बताया कि यह खगोलीय चमत्कार पूरे प्रदेश मे नहीं होगा, बल्कि केवल कर्क रेखा में आने वाले स्थानों पर ही सीमित रहेगा। इस दिन मध्य प्रदेश के 14 जिलों के कर्क रेखा पर स्थित नगरों एवं स्थानों पर इस घटना होगी।

सारिका ने बताया कि 21 जून का यह दिवस इसलिए भी खास है कि क्योंकि यह इस साल का सबसे लंबी अवधि का दिन और सबसे छोटी रात भी रहेगी। इस दिन सूर्य उत्त्री गोलार्द्ध मे अपनी चरम सीमा पर होगा, जिसे वैज्ञानिक भाषा मे समर सॉल्सटिस कहा जाता है।

सारिका ने कर्क रेखा के आसपास रहने वाले आमलोगों और बच्चों से अपील की है कि वे आज इस खगोल उत्सव को अवश्य मनाएं। उन्होंने बताया कि इसे देखने के लिए किसी उपकरण की आवश्यकता नहीं है। अपने जिले के निर्धारित समय के कुछ देर पहले खुली धूप वाली जगह या छत पर जाएं। वहां एक पीवीसी पाइप, पानी की बोतल या लकड़ी के डंडे को समतल जमीन पर सीधा खड़ा करें या स्वयं सीधे खड़े हों। ठीक सोलर नून के समय वस्तु और आपकी खुद की परछाई आपके पैरों के नीचे सिमटकर पूरी तरह छिप जाएगी। तो आइए, मिलकर सूर्य की उत्तरायण यात्रा पूरी होने के इस वैज्ञानिक पर्व का लाइव गवाह बनें।

मध्य प्रदेश के इन 14 जिलो के स्थानों पर गायब होगी परछाई–

जिले का नाम - स्थानीय सोलरनून का समय

शहडोल - दोपहर 12 बजकर 06 मिनट

उमरिया - दोपहर 12 बजकर 09 मिनट

कटनी - दोपहर 12 बजकर 10 मिनट

जबलपुर - दोपहर 12 बजकर 12 मिनट

दमोह - - दोपहर 12 बजकर 12 मिनट

सागर - दोपहर 12 बजकर 16 मिनट

रायसेन - दोपहर 12 बजकर 20 मिनट

विदिशा - दोपहर 12 बजकर 20 मिनट

भोपाल - दोपहर 12 बजकर 22 मिनट

सीहोर - दोपहर 12 बजकर 23 मिनट

राजगढ़ - दोपहर 12 बजकर 25 मिनट

आगरमालवा - दोपहर 12 बजकर 27 मिनट

उज्जैन - दोपहर 12 बजकर 28 मिनट

रतलाम - दोपहर 12 बजकर 31 मिनट

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर