बहन-बेटियों को छोटी उम्र से ही देना चाहिए सही-गलत की समझः प्रवीण तोगड़िया
रतलाम/भोपाल, 06 अप्रैल (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने बेटियों को बचपन से जागरूक करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि परिवारों को अपनी बहनों और बेटियों को छोटी उम्र से ही सही-गलत की समझ देनी चाहिए।
डॉ. तोगड़िया सोमवार को रतलाम प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे। वे हिंदू संगठनों के साप्ताहिक सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ अभियान के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक दिवसीय प्रवास पर रतलाम पहुंचे थे। इस दौरान सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष अनिल झालानी के निवास पर उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए विश्व के देशों में हिंदुओं की स्थिति और कुम्भ वायरल गर्ल मोनालिसा की केरल में हुई शादी पर कटाक्ष किया।
उन्होंने कहा कि कथित ‘लव जिहाद’ जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे परिवारों में चिंता है। उनका मानना है कि इसका समाधान समाज और परिवार के स्तर पर जागरूकता बढ़ाने से ही संभव है। उन्होंने कहा कि 18 से 20 साल की उम्र तक इंतजार करना देर हो जाती है, इसलिए जागरूकता की शुरुआत बचपन से ही होनी चाहिए।
डॉ. तोगड़िया ने प्रयागराज महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा की फरमान खान से शादी पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर उसके मां बाप ने पांच साल की उम्र से उसे नहीं सिखाया, जिसकी वजह से वह रुद्राक्ष से कलमा की तरफ चली गई। यह दुखद है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान घर से ही शुरू होता है। यदि परिवार अपने स्तर पर बच्चों को सही मार्गदर्शन दें, तो ऐसी घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी परिवार के साथ ऐसी घटना होती है, तो समाज को उनके साथ खड़ा रहना चाहिए।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश व भारत में हिंदुओं की स्थिति बुरी है। इंग्लैंड, यूरोप, अफ्रिका में हिंदुओं की स्थिति ठीक है। भारत में भी हिंदु सुरक्षित नहीं है। मसला केंद्र का नहीं है, जिहादियों का है। होली के दिन दिल्ली में रंग छिटकने के कारण हिंदू का बेटा मारा जाता है। वह मारा गया तो उसकी जिम्मेदारी सरकार की है या जिहादियों की। मैं हमेशा कहता हूं कि खरीदी हिंदुओं से करेंगे। रोजगार हिंदुओं को देंगे। फल व सब्जी खरीदेंगे हिंदुओं से, किससे बाल कटवाएंगे हिंदुओं से। किससे बाइक रिपेयर कराएंगे हिंदुओं से। मोबाइल रिचार्ज किससे कराएंगे हिंदुओं से। किसकी ऑटो में बैठेंगे के हिंदुओं के। जिहादियों को मुहं तोड़ जवाब खरीदी हिंदुओं से।
तोगडिया ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव उत्सव है। सबको चुनाव में भाग लेना चाहिए। मतदान करना चाहिए। अपने पसंद के व्यक्ति को चुनकर भेजना चाहिए। मैं हिंदू के लिए काम करता हूं। चुनाव प्रचार नहीं करता। मैं चुनाव के राज्य की चिंता नहीं करता। मैं पूरे देश, दुनिया के हित बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, कुवैत सबकी चिंता करता हूं। इसलिए आप चुनाव तक सीमित रहे यह आपकी च्वाइस है मैं अपने आपको चुनाव तक सीमित नहीं रखता।
उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र की मांग करना गलत नहीं है। मैं भी कर रहा हूं। खाड़ी देश में चल रहे युद्ध को लेकर कहा कि जो कोई लड़ते है उनको मैं क्यो रोकूंगा। उनके कारण पेट्रोल, डीजल, गैस यूरिया की समस्या आ सकती है। हालांकि सरकार हैंडल करके चल रही है, अभी कहीं लाइन नहीं दिख रही है इस कारण समस्या नहीं आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर