शिवराज सिंह के घर आया नन्हा मेहमान, बेटे कुणाल की पत्नी रिद्धि ने दिया बेटे को जन्म
भोपाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार में खुशियों का आगमन हुआ है। उनके घर एक बार फिर किलकारी गूंजी है। उनके छोटे बेटे कुणाल और बहू रिद्धि माता-पिता बने हैं। कुणाल की पत्नी रिद्धि ने एक बेटे को जन्म दिया है, जिसका नाम ‘अहान’ रखा है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की है। उन्होंने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें अस्पताल में उन्हें एक नर्स पोते को सौंपते हुए दिखाई दे रही है। इसके साथ ही उन्होंने खुशी साझा करते हुए लिखा-आज हमारे जीवन में फिर एक बार सौभाग्य का सूर्योदय हुआ है। बेटे के रूप में अहान उनके घर अपार खुशियां लेकर आया है।
उन्होंने कहा कि कुणाल और रिद्धि माता-पिता बने हैं। मुझे और साधना को फिर से दादा-दादी बनने का सौभाग्य मिला है। कार्तिकेय-अमानत बड़े पापा-बड़ी मम्मी बन गए हैं और हमारी लाड़ली इला का भाई हमारे घर खुशियां लेकर आया है। बेटे 'अहान' की नन्हीं-सी किलकारी ने पूरे घर को आनंद और प्रेम से भर दिया है। यह हमारे लिए ईश्वर का अनमोल आशीष है। संदीप जैन और स्वाति जैन को भी नाना-नानी बनने की बहुत-बहुत बधाई।
शिवराज सिंह के छोटे बेटे कुणाल की शादी 14 फरवरी 2025 को भोपाल में हुई थी। शादी समारोह में तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता शामिल हुए थे। दोनों की सगाई 23 मई, 2024 को हुई थी। अब रिद्धि ने बेटे को जन्म दिया है। इस दौरान पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान के घर इस साल दूसरी बार नन्हे मेहमान की किलकारी कूंजी है। इससे पहले उनके बड़े बेटे कार्तिकेय की पत्नी अमानत ने 21 जनवरी, 2026 को बेटी को जन्म दिया था। दिल्ली के अस्पताल में जन्म होने के बाद बेटी का नाम इला रखा गया। पोती इला के जन्म के बाद चौहान परिवार में इस साल दूसरी बार किलकारी गूंजी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर