शिवराज सिंह ने मप्र के विदिशा जिले में 214 हितग्राहियों को वितरित किया हितलाभ

 


- बासौदा में आयोजित जनकल्याण शिविर में 614 आवेदनों में अधिकांश का मौके पर हुआ निराकरण

विदिशा, 10 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के बासौदा स्थित एलबीएस महाविद्यालय में आयोजित जनकल्याण शिविर में शामिल होकर विभिन्न शासकीय योजनाओं के 214 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए।

इस अवसर पर उन्होंने शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पहले कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन व कन्या पूजन के साथ हुआ।

जनकल्याण शिविर में बासौदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे थे। नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 614 आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आवेदनों की सुनवाई करते हुए अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया, जबकि शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया। त्वरित कार्रवाई से आवेदकों में संतोष और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत कुल 214 हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए गए। लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे शिविरों से आमजनों को बिना परेशानी के सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। हितलाभ प्राप्त कर लाभार्थी प्रसन्नतापूर्वक अपने घरों के लिए रवाना हुए।

जनकल्याण शिविर में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। विभागों द्वारा लगाए गए सूचना एवं सेवा स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और शासन की नवीनतम पहल की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित भी किया।

शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान, शासकीय सेवाओं को सरल एवं सुलभ बनाना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी और प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली ने शिविर को सफल बनाया।

जनकल्याण शिविर में 214 हितग्राही हुए लाभान्वित-

जनकल्याण शिविर के दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 214 हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर लाड़ली लक्ष्मी योजना, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया गया। वहीं, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से चेक भी वितरित किए गए। योजनाओं का लाभ मिलने पर हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन की जनहितैषी पहल की सराहना की। शिविर का उद्देश्य पात्र लोगों तक शासकीय योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना रहा।

केंद्रीय मंत्री ने विभागीय प्रदर्शनी का किया अवलोकन

केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने बासौदा स्थित एलबीएस महाविद्यालय में आयोजित जनकल्याण शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनियों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति एवं जनहित में किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया।

इस अवसर पर विधायकगण हरि सिंह सप्रे, मुकेश टंडन, हरि सिंह रघुवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता रघुवंशी, नगरपालिका अध्यक्ष शशि अनिल यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और लाभान्वित हितग्राही मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर