शिवराज सिंह आज ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाएंगे अपना जन्मदिन
भोपाल, 05 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आज (05 मार्च) 67वां जन्मदिन है। उनके जन्मदिन को प्रेम-सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर वह पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े पांच अहम संकल्प लेंगे और कई नई पहल की शुरुआत करेंगे।
चौहान आज अपने जन्मदिन पर विदिशा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह विदिशा क्षेत्र की जनता को सौगात देते हुए मामा कोचिंग क्लास, प्रेम सुंदर प्रतिभा सम्मान और मामा चलित अस्पताल जैसी अभियानों का शुभारंभ करेंगे।
उन्होंने अपने समर्थकों से अपील की है कि यदि उन्हें जन्मदिन की शुभकामना देना चाहते हैं तो कोई भी होर्डिंग न लगाएं, शॉल या बुके लेकर न आएं, बल्कि एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें। उन्होंने कहा कि धरती माता को बचाने के इस पुण्य अभियान में मेरा साथ दें, आने वाली पीढ़ी के लिए जीवन सुरक्षित करना ही मेरा सबसे बड़ा उपहार होगा। मेरे जन्मदिन पर पौधे लगाने वाले लोग एक क्यूआर कोड के जरिए अपनी फोटो पोर्टल पर अपलोड करके शिव वृक्ष मित्र बन सकेंगे।
चौहान ने विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के लिए 'मामा कोचिंग क्लासेस' की शुरुआत करने की घोषणा की है। इसकी शुरुआत विदिशा, रायसेन और भैरुंदा से होगी। यहां बैंकिंग, एसएससी, एमपी पीएससी, डीआरडीओ और फॉरेस्ट सर्विस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली तैयारी कराई जाएगी।
माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ की शुरुआत
शिवराज सिंह चौहान ने अपने माता-पिता की स्मृति में 'प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान' शुरू करने का निर्णय लिया है। विदिशा लोकसभा की आठों विधानसभा क्षेत्रों में 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को 51,000, 31,000 और 21,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। लोकसभा स्तर पर शीर्ष तीन विद्यार्थियों को विशेष सम्मान भी मिलेगा।
‘मामा चलित अस्पताल’ से गांव-गांव इलाज
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने के लिए प्रत्येक विधानसभा में ‘मामा चलित अस्पताल’ शुरू किए जाएंगे। आधुनिक जांच उपकरणों और चिकित्सकों की टीम से सुसज्जित ये वाहन गांवों में पहुंचकर नि:शुल्क उपचार और परामर्श देंगे। इसका संचालन सांसद निधि और जनसहयोग से होगा।
दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भेंट की जाएगी, ताकि वे स्वतंत्र रूप से आवागमन कर सकें। आज जन्मदिन के अवसर आयोजित कार्यक्रम में इन सभी पहलों का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। चौहान का कहना है कि जन्मदिन को उत्सव नहीं, बल्कि सेवा और समाज के लिए संकल्प का अवसर बनाया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर