मप्र के शिवपुरी जिले को मिलेगी 2500 करोड़ के निवेश की डिफेंस फैक्टरी की सौगात
- केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा
शिवपुरी, 30 जून (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगामी 5 जुलाई को शिवपुरी जिले के भ्रमण पर रहेंगे। इस प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान शिवपुरी जिले को 2500 करोड़ रुपये के निवेश की डिफेंस फैक्टरी की सौगात मिलेगी।
यह जानकारी मंगलवार को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शिवपुरी जिले में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया और मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक में दी। उन्होंने बताया कि यह भव्य कार्यक्रम पोलो ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री तोमर ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की जाए। सभी अपने दायित्वों का निर्वहन करें और जिले में एक सफल आयोजन संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए पूरी योजना बनाकर काम किया जाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही और जिले के आमजन मौजूद रहेंगे। इसलिए रूट चार्ट तैयार किए जाएं और पार्किंग व्यवस्था बेहतर रहे ताकि कोई अव्यवस्था न हो।
तोमर ने कहा कि जिले में यह एक बड़ा आयोजन है, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के आयोजन में जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधिगण समन्वय के साथ तैयारियां पूर्ण करें।
बैठक में विधायकगण महेन्द्र यादव व कैलाश कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, हरवीर रघुवंशी, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव मूले सहित सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर