महाराष्ट्र में वन्यजीवों की खालों की बरामदगी से बढ़ी मप्र की चिंता, चीतों की सुरक्षा पर उठे सवाल

 


- वन्यजीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने प्रधानमंत्री से की पूरे प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने की मांग

भोपाल, 29 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में वन्यजीवों की खालों की बरामदगी ने मध्य प्रदेश के वन क्षेत्रों और यहां चल रहे वन्यजीव संरक्षण अभियानों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की कार्रवाई में बाघ और तेंदुए के साथ चीते जैसी दिखने वाली खाल भी मिली है। इसकी जांच के तार मध्य प्रदेश से जुड़ने की आशंका जताई जा रही है।

बरामदगी के बाद कूनो नेशनल पार्क और गांधी सागर अभयारण्य में रह रहे चीतों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं, माधव नेशनल पार्क से गायब बाघ के शिकार की आशंका भी व्यक्त की जा रही है। हालांकि, बरामद खालों की प्रजाति और उनके स्रोत की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस मामले में वन्यजीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए पूरे प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों और वन विभाग से बरामदगी के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क का पता लगाने की अपील की है।

डीएनए जांच के नतीजे सार्वजनिक करने की मांग

अजय दुबे ने सोशल मीडिया एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में चीता परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वन्यजीवों के शिकार और तस्करी के मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है।

उन्होंने डीआरआई और महाराष्ट्र वन विभाग से बरामद तीनों खालों की फॉरेंसिक जांच कराने और डीएनए रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे यह पता चल सकेगा कि संबंधित वन्यजीवों का शिकार कहां हुआ या खालें किसी दूसरे देश से तस्करी कर लाई गई थीं।

दुबे ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कूनो और गांधी सागर में मौजूद सभी चीतों की सुरक्षा को लेकर आधिकारिक जानकारी देने की बात कही है।

पुणे और नवी मुंबई में दो दिन चली कार्रवाई

दुबे ने बताया कि डीआरआई ने 25 और 26 नवंबर को महाराष्ट्र में वन्यजीवों की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई 25 नवंबर को पुणे के बाहरी क्षेत्र में इंद्रायणी नदी के पास की गई। यहां तीन लोगों को पकड़ा गया। इनमें एक पूर्व स्टॉक ट्रेडर भी शामिल है, जो अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताया गया है। आरोपियों के पास से दो बोतलों में करीब दो लीटर संदिग्ध किंग कोबरा का जहर मिला। कार्रवाई के दौरान जहर छलकने से डीआरआई का एक अधिकारी घायल हो गया।

दूसरी कार्रवाई 26 नवंबर को नवी मुंबई क्षेत्र में की गई। सोशल मीडिया के जरिए वन्यजीवों के अंगों की बिक्री की जानकारी मिलने पर डीआरआई ने पनवेल में एक संदिग्ध को पकड़ा। उसके बैग की तलाशी में बाघ और तेंदुए की संदिग्ध खालें मिलीं। इसके बाद नवी मुंबई के एक फ्लैट में छापा मारकर दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया। यहां से चीते जैसी दिखने वाली खाल और .177 कैलिबर की एयर राइफल बरामद हुई। तेंदुए की खाल पर गोली के निशान भी पाए गए हैं।

कूनो के फील्ड डायरेक्टर की पोस्ट भी चर्चा में

इस बीच कूनो नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा की सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आ गई है। उन्होंने शनिवार को प्रोजेक्ट चीता के प्रबंधन से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए इसकी कार्यप्रणाली की तुलना स्टार्टअप से की। उन्होंने परियोजना के संचालन के सात चरणों का उल्लेख करते हुए लिखा कि पारंपरिक नौकरशाही व्यवस्था से अलग इसमें काम करने का अनुभव स्टार्टअप जैसा रहा है। महाराष्ट्र में खालों की बरामदगी के बाद चीतों की सुरक्षा को लेकर चल रही चर्चा के बीच उनकी यह पोस्ट भी ध्यान खींच रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर