केंद्रीय मंत्री सिंधिया सोमवार से शिवपुरी के तीन दिवसीय प्रवास पर, जिले को देंगे विकास कार्यों की सौगात

 


शिवपुरी, 30 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 31 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे शिवपुरी, कोलारस एवं पिछोर में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण, भूमि पूजन तथा स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे।

जिला प्रशासन द्वारा रविवार को जानकारी दी गई कि निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार, केन्द्रीय मंत्री सिंधिया सोमवार, 31 अगस्त को सुबह 11.30 बजे ग्राम अछरौनी पहुंचेंगे, जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अछरौनी और सब-स्टेशन ग्राम चमरौआ का लोकार्पण करेंगे। इसके पश्चात वे बामौरकलां पहुंचकर नवनिर्मित उप तहसील बामौरकलां एवं ग्राम पिपरा सब-स्टेशन का लोकार्पण करेंगे।

इसके बाद सिंधिया खनियांधाना में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। ग्राम धपौरा से तेरई रोड एवं ग्राम भगारी से रामपुरा-टपरन रोड का भूमि पूजन करेंगे। इसके उपरांत वे हवाई पट्टी, पीएसक्यू लाइन, यादव मोहल्ला, बड़ा बाजार, झांसी तिराहा एवं पोहरी रोड शिवपुरी में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके पश्चात वे होटल पी.एस. रेसीडेंसी में आयोजित कैट ग्वालियर-चंबल संभागीय व्यापार एवं उद्योग सम्मेलन में भाग लेंगे।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया अगले दिन 01 सितम्बर को पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास 50 सीटर अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास शिवपुरी और नगर पालिका की विभिन्न सड़कों का भूमि पूजन करेंगे। इसके उपरांत वे नव-विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशन शिवपुरी का दौरा करेंगे तथा पोहरी रेलवे ओवर ब्रिज का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात वे सिंहनिवास एवं रातौर में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके उपरांत सिंधिया तानपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तानपुर का लोकार्पण, ग्राम सिंहनिवास सब-स्टेशन का लोकार्पण, शासकीय माध्यमिक स्कूल भवन सिंहनिवास का भूमि पूजन एवं उप तहसील ठर्रा का लोकार्पण करेंगे।

इसके बाद वे ग्राम पाली में पाली-राजगढ़ रोड का भूमि पूजन, कुम्हरौआ से बागरोद रोड (वाया पिपरौदा) का भूमि पूजन, ग्राम कार्या में हाई स्कूल भवन का लोकार्पण, ग्राम पंचायत भवन खरई का लोकार्पण तथा पड़ोरा चौराहा पर आरसीसी रोड का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे लुकवासा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और बिजरौनी बायपास रोड एवं दौलतपुर से साईखेड़ा रोड का भूमि पूजन करेंगे।

सिंधिया कोलारस में स्थानीय कार्यक्रम के उपरांत कोलारस रेलवे स्टेशन से उज्जैनी एक्सप्रेस (14309/14310) के नए ठहराव का फ्लैग-ऑफ (हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ) करेंगे एवं टूरिस्ट विलेज शिवपुरी में रात्रि विश्राम करेंगे।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया अगले दिन 2 सितम्बर को सुबह 10 बजे से छत्री रोड, सईसपुरा एवं राघवेन्द्र नगर शिवपुरी पर स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट शिवपुरी में डीवीएमसी अथवा दिशा की बैठक में शामिल होंगे। तत्पश्चात वे प्रधान डाकघर शिवपुरी का लोकार्पण एवं ककरवाया (लॉ कॉलेज के पास) पोस्टल प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन करेंगे। इसके पश्चात वे स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होने के उपरांत ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर