केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने गुना में श्री हनुमान टेकरी पर जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’, गूंजा सेवा का संदेश

 






भोपाल, 17 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना में गुरुवार शाम को सेवा संकल्प अभियान के तहत श्री हनुमान टेकरी में ‘आयोजित आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दीप प्रज्वलित कर जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया। इस अवसर पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक हितिका वासल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

17 अक्टूबर तक आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश के साथ ही गुना जिले में भी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा, जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

‘आशीर्वाद का दिया’ से दिया जनभागीदारी का संदेश

अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर को शाम 7 बजे श्री हनुमान टेकरी सहित जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर ‘एक दीप सेवा संकल्प के नाम’ दीप प्रज्वलन के माध्यम से जनसेवा, सामाजिक सहभागिता तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

जिला चिकित्सालय गुना में आयोजित रक्तदान शिविर में सम्मिलित हुए सिंधिया

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला अस्पताल, गुना के रेडक्रॉस भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं से आत्मीय मुलाकात की और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में सिंधिया ने कहा कि सेवा ही संकल्प है, सेवा ही समर्पण है। रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम भी है। रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का यह प्रयास किसी परिवार के लिए आशा और जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाना उनके सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। शिविर में सुबह से ही प्रतिभागियों ने रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। शिविर में प्रशासिनक अधिकारी/कर्मचारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधिगण, आम नागरिकों के सहयोग से जिला चिकित्सालय गुना में शाम 05 बजे तक 86 यूनिट रक्तदान हुआ।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर सिंधिया ने गुना विभिन्न विकास कार्यो दी सौगात

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। गुना प्रवास के पहले दिन उन्होंने गुना शहर के चिंताहरण मंदिर से अंबेडकर चौक और नानाखेड़ी तक ₹30.47 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले थीम रोड एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की सौगात भी दी।

कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ने निर्मित विनायक खेड़ी-मुहालपुर-खेजरा मार्ग की सड़क का लोकार्पण किया। इसके साथ ही नवीन इंडस्ट्रियल एरिया के 33/11 केव्ही सब स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। सड़क और विद्युत क्षेत्र की इन परियोजनाओं से स्थानीय आवागमन तथा औद्योगिक गतिविधियों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही नवनिर्मित जन सेवा कनेक्ट गुना पोस्ट ऑफिस का भी लोकार्पण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर