केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने मप्र के अशोकनगर में युवाओं से किया सीधा संवाद

 




भोपाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के युवाओं के लिए शनिवार का दिन खास रहा। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार की शाम अशोकनगर के अशोका गार्डन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया।

सिंधिया कार्यक्रम के आकर्षण के केंद्र रहे। अपने सहज और आत्मीय अंदाज में उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद किया और उनके विचारों, सपनों तथा आकांक्षाओं को करीब से जाना। युवाओं के बीच देश मे यूथ आइकन के रूप में विशेष पहचान रखने वाले सिंधिया की मौजूदगी ने कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। संवाद, संगीत और जोश के संग युवा शक्ति, नए विचारों और नए भारत के संकल्प की झलक दिखी।

युवा संवाद में दिखा जबरदस्त उत्साह, बैंड की शानदार प्रस्तुति ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने पूरे जोश और उमंग के साथ सहभागिता की। वहीं, बैंड की शानदार प्रस्तुति ने समां बांध दिया। सिंधिया भी संगीत की इस प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध नजर आए और उन्होंने कलाकारों के उत्साहवर्धन के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। रॉक बैंड की टीम तथा वंश शुक्ला एवं नमन द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी गई।

युवाओं के सवालों, विचारों और सपनों से जुड़े युवा संवाद का माहौल युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मकता और नए विचारों से सराबोर रहा। युवाओं के साथ सिंधिया का यह संवाद उनके प्रति आत्मीय जुड़ाव और उनकी प्रतिभा, सोच एवं आकांक्षाओं को महत्व देने का एक जीवंत उदाहरण बना।

कार्यक्रम में आते ही सिंधिया रैंप पर चले। सभी ने उनका उत्साह से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने युवा आदित्य यादव,रिमशा खान,दिव्यास यादव,स्मिता योगी,श्रुति यादव सहित अन्य युवाओं से संवाद किया एवं उनके प्रश्नों का जवाब दिया। कार्यक्रम में कलेक्टर सांकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, लड्डूराम कोरी, जिला पंचायत सदस्य शीला जाटव,जनप्रतिनिधि एवं बडी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

ग्राम सेहराई में हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ

इससे पहले केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्राम पंचायत सेहराई में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि शासन एवं प्रशासन हितग्राहियों के कल्याण, सामाजिक-आर्थिक उत्थान तथा जीवन स्तर में सुधार के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आमजन इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को निर्धारित पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से प्राप्त हो तथा कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इस दिशा में प्रशासन द्वारा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ग्राम सेहराई में एक करोड़ 41 लाख रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

चंदेरी में अस्पताल के लिए निर्धारित स्थल का किया निरीक्षण

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयास से चंदेरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आमजन को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य आधुनिक अस्पताल के निर्माण कवायद शुरू हो गई है। चंदेरी प्रवास के दौरान सिंधिया ने शनिवार को अस्पताल स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से परियोजना की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अस्पताल निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओपीडी कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, प्री- एवं पोस्ट-ऑपरेटिव वार्ड, आपातकालीन वार्ड, एक्स-रे कक्ष और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त पांच बिस्तरों की नवजात शिशु देखभाल इकाई, लेबर रूम, टीकाकरण संबंधी सुविधाएं, प्रतीक्षालय तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर