केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कांग्रेस पर कसा तंज, बोले- 'जैसी करनी, वैसी भरनी'

 


ग्वालिय, 04 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने पंजाब कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बगावती तेवर और मध्य प्रदेश कांग्रेस की मौजूदा स्थिति को लेकर कहा कि जैसी करनी, वैसी भरनी होती है।

केन्द्रीय मंत्री शनिवार को ग्वालियर पहुंचे थे। उन्होंने एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान शिवपुरी में स्थापित होने जा रहे करीब ढाई हजार करोड़ रुपये के रक्षा क्षेत्र के बड़े प्रोजेक्ट को प्रदेश और देश के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि रविवार को शिवपुरी में करीब ढाई हजार करोड़ रुपये की लागत वाले रक्षा उत्पादन संयंत्र का भूमिपूजन किया जाएगा। इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और प्रदेश रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में शिवपुरी में होने वाला रक्षा उत्पादन संयंत्र का शिलान्यास ग्वालियर-चंबल अंचल और पूरे मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक सौगात साबित होगा। यह परियोजना भारतीय सेना को अत्याधुनिक तकनीक से लैस आधुनिक अस्त्र-शस्त्र उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और देश की रक्षा क्षमता को और मजबूत करेगी।

इस दौरान कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति और राजनीतिक घटनाक्रम पर पूछे गए सवाल के जवाब में सिंधिया ने कहा कि मैं दूसरे दलों की स्थिति पर टिप्पणी नहीं करूंगा। देश का विकास और प्रगति मेरा लक्ष्य है, मैं उसके साथ कभी समझौता नहीं करूंगा। हमें देश के विकास में अपना योगदान देना है। दूसरी पार्टियों की गतिविधियां वही संभालें। जैसी करनी, वैसी भरनी...इतना ही कहूंगा।

सिंधिया ने कहा कि वह उन नेताओं में से नहीं हैं, जो इधर-उधर देखते हैं। उन्होंने अपनी तुलना रेस के घोड़े से करते हुए कहा कि रेस से पहले घोड़े की आंखों पर ब्लिंकर लगाया जाता है, ताकि वह दाएं-बाएं न देखकर सिर्फ अपनी मंजिल पर ध्यान दे। मेरी आंखों पर भी विकास और प्रगति का ब्लिंकर लगा है। यही मेरा लक्ष्य है और यही मेरी फिनिश लाइन है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उनका पूरा ध्यान देश के विकास और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने पर है। दूसरी पार्टियों की गतिविधियां उनके अपने दल संभालें, जबकि भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता देश निर्माण के संकल्प के साथ काम कर रहा है। इस दौरान सिंधिया ने दतिया उपचुनाव को लेकर भी विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी वहां जीत का परचम लहराएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर