सिंधिया ने मप्र के अशोक नगर के सर्वांगीण विकास के लिए की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
अशोकनगर में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया की अध्यक्षता में हुई दिशा की बैठकअशेाक नगर, 02 फरवरी (हि.स.)। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा कीं।
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और क्षेत्रीय सांसद सिंधिया ने सोमवार को प्रवास के दौरान यहां कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में अशोकनगर के सर्वांगीण विकास के लिए घोषणा की। साथ ही उन्होंने अशोकनगर के लिए रोजगार, सिंचाई और इन्फ्रास्ट्रक्चर सहित कई क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं की जानकारी दी।
बैठक में सिंधिया ने जिले के समग्र विकास, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनसेवा की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पेयजल, अधोसंरचना, रोजगार, उद्योग और नगरीय विकास से जुड़ी योजनाओं की वस्तुस्थिति पर चर्चा हुई तथा विभिन्न विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी कि 100 बिस्तर वाले जिला अस्पताल में रिक्त पदों में से 40 पद (पीडियाट्रिशियन, मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग स्टाफ) भर दिए गए हैं। इसके साथ ही 300 बिस्तर वाले नए जिला अस्पताल को मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके लिए अग्रिम स्टाफ स्वीकृति के निर्देश दिए गए हैं।
इसमें 550 करोड़ रुपये की ‘चंदेरी माइक्रो इरिगेशन परियोजना’ को जून 2026 तक पूर्ण करने की समय-सीमा तय की गई। वहीं, 1,572 करोड़ रुपये की ‘राजघाट वाटर सप्लाई स्कीम’को दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस परियोजना से 812 गाँवों को लाभ मिलेगा। उन्होंने अशोकनगर कॉल सेंटर को जिले का नया ‘नवरत्न’ बताते हुए कहा कि वर्तमान में यहाँ 505 युवाओं को सीधा रोजगार मिल रहा है। इसके विस्तार के लिए मारुति शोरूम के पास 1000 सीटों की क्षमता वाली नई इमारत निजी क्षेत्र के सहयोग से बनाई जाएगी। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर के विस्थापन के लिए भी समय- सीमा तय करने के निर्देश कलेक्टर को दिए।
बैठक में विधायकगण बृजेन्द्र सिंह यादव व जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, नगरपालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समिति के सदस्यगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इंफ्रास्ट्रक्चर और सौंदर्यीकरण पर दिया गया खास ध्यान बैठक के बाद सिंधिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अशोकनगर के सौंदर्यीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खास ध्यान दे रहे हैं। इस बैठक में इन मुद्दों पर बड़े निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि शहर में 45 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा। साथ ही तुलसी सरोवर एवं थीम रोड सहित शहर सौंदर्यीकरण के लिए 40 करोड़ रुपये की योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने बताया कि शाडोरा से करीला माता मार्ग (55 किमी) को दिसंबर 2026 तक पूर्ण किया जाएगा, जबकि कुरवाई–मुंगावली–चंदेरी मार्ग (81 किमी) को जून 2026 तक जनता को समर्पित किया जाएगा। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जिले के सर्वांगीण और समावेशी विकास को गति दी जा रही है।________________
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर