युवा तेजी से खेलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, यह भारत के उज्ज्वल खेल भविष्य का संकेत: साइना नेहवाल

 




- सतना में सांसद खेल महोत्सव 2025 के भव्य समापन समारोह में शामिल हुईं बैडमिंटन स्टार

सतना, 25 दिसंबर (हि.स.)। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता एवं अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि जब वर्ष 2036 में ओलिंपिक का आयोजन होगा, तब भारत पदक तालिका में चीन, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से भी अधिक पदक हासिल करे और वर्ल्ड नंबर-1 बने। आज देश में खेलों के प्रति सोच बदली है और युवा तेजी से खेलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जो भारत के उज्ज्वल खेल भविष्य का संकेत है।

साइना नेहवाल गुरुवार को मध्य प्रदेश के सतना में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 के समापन समारोह को गुरुवार को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने देश में खेलों के प्रति युवाओं के बढ़ते रुझान पर संतोष जताया और अपने संघर्ष और प्रेरणा को साझा किया। उन्होंने कहा कि उनकी मां हाउस वाइफ थीं, इसके बावजूद उन्होंने हमेशा उन्हें खेल के लिए प्रेरित किया और हर कदम पर समर्थन दिया। उसी समर्थन और विश्वास के बल पर वह इस मुकाम तक पहुंच सकीं।

क्रिकेट के साथ अन्य खेलों के लिए भी स्टेडियम बनें

साइना ने मंच से अपील की कि देश में केवल क्रिकेट स्टेडियमों का निर्माण न किया जाए, बल्कि अन्य खेलों के लिए भी बेहतर स्टेडियम और सुविधाएं विकसित की जाएं। इससे ही विभिन्न खेलों में भारत के पदकों की संख्या बढ़ सकेगी।

हमारा शरीर फिट रहेगा तो अच्छी सोच रख सकेंगे

साइना ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चे मोबाइल फोन से दूर होकर मैदान में जाकर किसी न किसी खेल का अभ्यास जरूर करें। जितना फिट हमारा शरीर रहेगा, उतना ही फिट हम सोच सकेंगे। खेल हमें अनुशासन, एकाग्रता और दबाव सहने की क्षमता सिखाता है। उन्होंने कहा कि फोकस को ध्यान (मेडिटेशन) से जोड़ने पर कोई हरा नहीं सकता। अच्छे कोच, स्टेडियम और स्पॉन्सरशिप की जरूरत पर जोर देते हुए साइना ने कहा कि खिलाड़ियों को जॉब सिक्योरिटी मिलनी चाहिए ताकि वे पूरी तरह खेल पर फोकस कर सकें।

सतना के दादा सुखेन्द्र सिंह स्टेडियम में सांसद गणेश सिंह द्वारा आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह की मुख्य अतिथि रहीं, जबकि नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने समारोह की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में विधायकगण सुरेंद्र सिंह गहरवार व श्रीकांत चतुर्वेदी, महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, पूर्व राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल, नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्यजन, खिलाड़ी एवं कोच बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हार न मानने वाला कभी नहीं हारताः प्रतिमा बागरी

अध्यक्षीय उद्बोधन में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया और खेलो इंडिया अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जो अपने जीवन में कभी हार नहीं मानता, उसे हरा पाना मुश्किल होता है। जिले के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को कई वर्षों की मेहनत का परिणाम बताते हुए उन्होंने संघर्ष और लक्ष्य प्राप्ति पर जोर दिया।

सांसद गणेश सिंह ने साइना नेहवाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वे लंदन ओलंपिक 2012 में कांस्य पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं और विश्व रैंकिंग में नंबर-1 रह चुकी हैं। उन्होंने खेल महोत्सव की शुरुआत 2011 से होने की जानकारी दी, जो अब देशभर में लोकप्रिय है और अब तक एक करोड़ से अधिक खिलाड़ियों ने इसमें भाग लिया है। इस वर्ष महोत्सव की शुरुआत 30 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुई। 116 दिनों में 7963 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। 11 खेलों (वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बास्केटबॉल, रस्साकशी, टेनिस बॉल क्रिकेट, दिव्यांगजन ट्राइसाइकिल रेस, कुश्ती एवं एथलेटिक्स) का आयोजन तीन चरणों में हुआ। कुल हजारों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार, श्रीकांत चतुर्वेदी और महापौर योगेश ताम्रकार ने भी खिलाडियों का उत्साहवर्धन करते हुए संबोधित किया। समापन पर मुख्य अतिथि साइना नेहवाल एवं अन्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। यह आयोजन खेल भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर