मप्र के सांची में 74वें महाबोधि महोत्सव का आगाज, बुद्ध के शिष्यों के अस्थि कलश के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

 








- निकली भव्य शोभायात्रा, श्रीलंका, जापान, थाईलैंड और वियतनाम सहित कई देशों के बौद्ध अनुयायी हुए शामिल

भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में स्थित विश्व धरोहर स्थल सांची में शनिवार को 74वें महाबोधि महोत्सव का शुभारंभ हुआ। भगवान गौतम बुद्ध के प्रमुख शिष्यों सारिपुत्र और महामौद्गल्यायन के पवित्र अस्थि कलशों के दर्शन के लिए देश-विदेश से बौद्ध अनुयायी पहुंचे। सांची में शनिवार सुबह महाबोधि सोसायटी से निकली शोभायात्रा के साथ 74वें महाबोधि महोत्सव की शुरुआत हुई। इसमें श्रीलंका, जापान, थाईलैंड, वियतनाम सहित कई देशों के श्रद्धालु शामिल हुए। श्रीलंका से आए दल ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया।

सुबह 7 बजे महाबोधि सोसाइटी से निकली शोभायात्रा चैत्यगिरि विहार मंदिर पहुंची। यहां भगवान गौतम बुद्ध के शिष्यों महामोदगल्यायन और शारिपुत्र के पवित्र अस्थि कलश गर्भगृह से बाहर लाए गए। पूजा के बाद इन्हें देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा गया। चैत्यगिरि विहार मंदिर सांची स्तूप परिसर में है। इस बार दोनों अस्थि कलश थाईलैंड से लाई गई विशेष धातु से बनी क्रिस्टल संरचना में रखे गए हैं।

महोत्सव के दौरान मध्य प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, कलेक्टर रोहित सिसोनिया और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि भगवान बुद्ध के परम शिष्यों के पवित्र अस्थि कलश सांची में हैं। यह हम सभी के लिए गौरव की बात है। सांची और मध्य प्रदेश के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। यह महोत्सव हमें हमारी ऐतिहासिक और धार्मिक संपदा का अहसास कराता है। जब भगवान बुद्ध के परम शिष्यों की पवित्र अस्थियां भारत लाई गई थीं, तब उन्हें देश के तीन स्थानों पर रखा गया था। संस्कृति मंत्री रहते हुए भी उन्हें सांची आने का अवसर मिलता रहा है।

इस बार महाबोधि महोत्सव का धार्मिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि 74 साल की परंपरा में पहली बार एक ही वर्ष में दूसरी बार पवित्र अस्थि कलश श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए बाहर निकाले गए हैं। मई 2026 में इन अवशेषों को विशेष धार्मिक आयोजन के लिए मंगोलिया ले जाया गया था। वहां से जून में वापस सांची लाया गया। सामान्य तौर पर नवंबर में आयोजित महोत्सव के दौरान ही श्रद्धालुओं को इनके दर्शन का अवसर मिलता है।

महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। श्रीलंका और जापान के कलाकार पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां देंगे। भगवान बुद्ध के जीवन और उनके विचारों पर आधारित नृत्य-नाटिका तथा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी आयोजन का हिस्सा हैं। मुंबई की गायिका सायली कांबले भी प्रस्तुति देंगी।

देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और अतिथियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में 275 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। दो दिन तक चलने वाले महोत्सव का समापन रविवार को होगा। सांची का महाबोधि महोत्सव बौद्ध धर्म की आस्था, परंपरा और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संबंधों का महत्वपूर्ण आयोजन है। यहां हर साल होने वाले इस उत्सव में भगवान बुद्ध के शिष्यों के पवित्र अवशेषों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में अनुयायी पहुंचते हैं।

वर्ष 1952 में पड़ी थी महोत्सव की नींव

- महाबोधि महोत्सव का इतिहास 30 नवंबर 1952 से जुड़ा है। इसी दिन भगवान बुद्ध के प्रमुख शिष्यों सारिपुत्र और महामौद्गल्यायन के पवित्र अस्थि अवशेषों को सांची के नवनिर्मित चैत्यगिरि विहार में पुनः प्रतिष्ठित किया गया था। इस अवसर पर तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की मौजूदगी रही। इसके साथ ही हर साल नवंबर के अंतिम रविवार को अवशेषों को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए बाहर निकालने की परंपरा शुरू हुई। धीरे-धीरे यही आयोजन महाबोधि महोत्सव के रूप में स्थापित हो गया। शुरुआत में यह एक दिवसीय धार्मिक आयोजन था। बाद में इसका विस्तार किया गया। वर्ष 2010 में मध्य प्रदेश सरकार ने इसे तीन दिवसीय आयोजन का स्वरूप दिया। वर्तमान में यह दो दिवसीय महोत्सव के रूप में आयोजित किया जाता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर