मप्र के रीवा में बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार दादा-नातिन समेत चार लोगों की मौत
- रक्षाबंधन का सामान खरीदने बाजार आई थीं बच्चियां
रीवा, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में गुढ़ थाना क्षेत्र के भैरव बाबा मोड़ पर गुरुवार शाम को एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर सवार दादा-नातिन समेत चार लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, चौड़ीयार निवासी विंध्यवासिनी तिवारी उर्फ बबलू (55) गुरुवार को अपनी नातिन शिवी तिवारी (4) और उसकी बहन शक्ति तिवारी (5) को स्कूटी पर बैठाकर गुढ़ बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान भैरव बाबा मोड़ के पास पहुंचते ही सीधी की तरफ से रीवा की ओर जा रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
बताया गया है कि दोनों बच्चियां रक्षाबंधन के अवसर पर गुढ़ बाजार में खरीदारी करने आई थीं। इसी दौरान उन्हें रास्ते में अपने दादा मिल गए। इसके बाद बच्चियां उनके साथ स्कूटी से घर लौट रही थी, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में चार साल की बच्ची शिवी तिवारी और 5 साल की शक्ति तिवारी की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल विंध्यवासिनी तिवारी ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं बाइक सवार पंकज सिंह (22), निवासी मझौली जिला सीधी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। कुल मिलाकर हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई है।
एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों और उनके दादा की मौत से चौड़ीयार गांव में मातम पसरा है। रक्षाबंधन के लिए बाजार आई बच्चियों के साथ हुए हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बाइक की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। पुलिस बाइक पर सवार अन्य युवकों और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर