(लीड)मप्र से राज्यसभा की रिक्त एक सीट पर उपचुनाव का ऐलान, 12 नवंबर को होगा मतदान

 


- एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई सीट, 26 अक्टूबर को जारी होगी अधिसूचना

भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यसभा से डॉ. एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश से रिक्त हुई एक सीट पर उपचुनाव का ऐलान हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया। इस सीट पर 12 नवंबर को मतदान होगा और इसी दिन शाम 5 बजे मतगणना की जाएगी।

डॉ. एल. मुरुगन सरकार में मंत्री भी थे। वे 3 अप्रैल 2024 को मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य बने थे, उनका राज्यसभा का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था, लेकिन उन्होंने 14 अक्टूबर को केन्द्रीय मंत्रिमंडल के साथ ही राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट रिक्त हो गई। इस रिक्त सीट को भरने के लिए आज निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव की अधिसूचना 26 अक्टूबर को जारी होगी। उम्मीदवार 2 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 5 नवंबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। इस सीट पर 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मध्य प्रदेश से राज्यसभा की कुल 11 सीटों हैं। इनमें आठ पर भाजपा और तीन पर कांग्रेस के सांसद थे। एल मुरुगन के इस्तीफा के बाद भाजपा के कोटे की एक सीट रिक्त हुई है। मध्य प्रदेश विधानसभा में कुल 230 सदस्य हैं। यदि सभी विधायक मतदान करें और कोई मत अवैध न हो, तो एक राज्यसभा सीट के चुनाव में जीत के लिए आवश्यक मतों का कोटा 116 होगा। वर्तमान में मध्य प्रदेश में भाजपा के 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 65 और भारत आदिवासी पार्टी का एक विधायक है। ऐसे में उपचुनाव में भाजपा की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर