मप्र से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट जारी, तीनों भाजपा उम्मीदवारों के नाम शामिल
भोपाल, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए बुधवार को संवीक्षा (स्क्रूटनी) के बाद बुधवार को उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट जारी कर दी गई है। इसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीनों उम्मीदवारों - तरुण चुग, महेश केवट और रजनीश अग्रवाल के नाम शामिल हैं।
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है। इनमें दो सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते की है। इन तीन सीटों के लिए भाजपा के तीन उम्मीदवार-तरुण चुग, महेश केवट और रजनीश अग्रवाल तथा कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन भाजपा की आपत्ति के बाद हलफनामे में अनियमितताएं पाए जाने के आधार पर मीनाक्षी नटराजन का नामांकन मंगलवार को खारिज कर दिया गया था।
मध्य प्रदेश विधानसभा में बुधवार को शेष तीन नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई और इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी अरविंद शर्मा द्वारा उम्मीदवारों की फाइनल सूची जारी की गई है।
दरअसल, मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के खिलाफ भाजपा ने औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई थी। भाजपा का आरोप था कि मीनाक्षी ने तेलंगाना की हैदराबाद अदालत में लंबित एक मामले की जानकारी नामांकन पत्र में छिपाई है।
इधर, कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किये। बुधवार को कांग्रेस के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में निर्वाचन आयोग से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में अभिषेक मनु सिंघवी, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला, सचिन पायलट, भूपेश बघेल, विवेक तन्खा शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर