(लीड) मप्र से राज्यसभा जाएंगे केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, भाजपा ने घोषित किया उम्मीदवार
- एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त सीट पर उपचुनाव के लिए 12 नवंबर को होगा मतदान
भोपाल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक रिक्त सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को उनके नाम की घोषणा कर दी है।
भाजपा ने एक बयान में कहा कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उपचुनाव के लिए पुरी के नाम को मंजूरी दे दी है। इस उपचुनाव में मध्य प्रदेश विधानसभा के विधायक राज्यसभा सदस्य का चुनाव करेंगे। उप निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र विधानसभा भवन, भोपाल स्थित रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
यह सीट केंद्र में मंत्री रहे डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। उन्होंने इसी माह 14 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिपरिषद और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने इस रिक्त के सीट के लिए उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया था।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट पर 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और इसके बाद उसी दिन शाम पांच बजे मतगणना होगी। उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 26 अक्तूबर से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 2 नवंबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 5 नवंबर निर्धारित की गई है।
मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए सामान्य स्थिति में 116 मतों का कोटा है। हालांकि, कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा मतदान में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। ऐसे में 229 विधायकों के आधार पर चुनावी गणित तय होगा और जीत का कोटा निर्धारित नियमों के अनुसार तय किया जाएगा।
परिचय
हरदीप सिंह पुरी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राजनयिक और लेखक हैं। उनका जन्म 15 फरवरी 1952 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से इतिहास में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। वह 1974 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी रहे हैं और करीब 39 वर्षों तक राजनयिक के रूप में काम किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के रूप में जिनेवा और न्यूयॉर्क में सेवाएं दीं। वर्ष 2014 में भाजपा में शामिल होने के बाद 2017 में मंत्री बने। वर्तमान में वह केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हैं।
दरअसल, डॉ. एल. मुरुगन अप्रैल 2024 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। उन्होंने 14 अक्तूबर 2026 को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल 3 अप्रैल 2030 तक था। उनके इस्तीफे के बाद रिक्त हुई सीट पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है। उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश विधानसभा के अपर सचिव उमेश शर्मा को रिटर्निंग ऑफिसर और अपर सचिव मयंक वर्मा को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है। विधानसभा भवन स्थित समिति कक्ष संख्या दो (एम-2) को निर्वाचन कार्यालय के लिए अधिकृत किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर