केन्द्रीय कृषि निदेशक ने मप्र के रायसेन में राष्ट्रीय कृषि महोत्सव की तैयारियों का लिया जायजा

 


- रायसेन में 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित होगा राष्ट्रीय स्तर का कृषि मेला सह प्रदर्शनी और प्रशिक्षण कार्यक्रम

रायसेन, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में आगामी 11 अप्रैल से 13 अप्रैल तक राष्ट्रीय स्तर का कृषि महोत्सव प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजन किया जा रहा है।

गुरुवार को केन्द्रीय कृषि विभाग के निदेशक (किसान कल्याण एवं विस्तार) अविनाश लावनिया ने रायसेन पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने कार्यक्रम हेतु नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर अधिकारीवार तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर तथा रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा उनके साथ मौजूद रहे।

केन्द्रीय कृषि विभाग के निदेशक अविनाश लावनिया ने कृषि महोत्सव प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रत्येक चरण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इसमें देश के विभिन्न राज्यों और प्रदेश के सभी जिलों से उन्नतशील किसान सम्मिलित होंगे। साथ ही कृषि उपकरण एवं यंत्रों का निर्माण करने वाली कम्पनियां भी इसमें सहभागिता करेगी। इस कृषि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पर्याप्त समय पहले पूर्ण कर ली जाएं।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर लगभग 200 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से विभिन्न कृषि उपकरणों, खेती की जैविक और उन्नत तकनीकों आदि का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही किसानों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने कृषि महोत्सव में आने वाले अतिथियों, किसानों आदि के लिए ठहरने की व्यवस्था, भोजन, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, वाहन पार्किंग, आगमन-निर्गमन आदि के बारे में विस्तृत चर्चा कर दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में केन्द्र और प्रदेश सरकार के कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय सहित सभी नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर