राष्ट्रपति 18 जून से मप्र के 5 दिवसीय प्रवास पर

 




- ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन और कूनो नेशनल पार्क का करेंगी भ्रमण

भोपाल, 17 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून को मध्य प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। वे यहां 22 जून तक बैतूल, ओंकारेश्वर और जबलपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी और श्योपुर के प्रसिद्ध कूनो नेशनल पार्का भ्रमण भी करेंगी। उनके प्रस्तावित बैतूल भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज ट्रायल लैंडिंग एवं कारकेड रिहर्सल होगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून को प्रात: 9.25 बजे इंदौर एयरपोर्ट आएंगी। यहां वे प्रात: हेलिकॉप्टर द्वारा बैतूल के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति प्रात: 11ः10 बजे बैतूल में ब्रम्हाकुमारीज के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके पश्चात दोपहर 12ः20 बजे बैतूल से ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगी और दोपहर 1ः40 बजे ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। वे शाम 6ः20 बजे ओंकारेश्वर मंदिर में दर्शन कर आरती में शामिल होंगी। वे रात्रि विश्राम एनएचडीसी गेस्ट हाउस ओंकारेश्वर में करेंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अगले दिन 19 जून को ओंकारेश्वर में प्रात: 9.50 बजे अंतरराष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। वे प्रात: 11.30 बजे ओंकारेश्वर से प्रस्थान कर दोपहर 12.15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वे दोपहर 12.25 बजे इंदौर एयरपोर्ट से पश्चिम बंगाल के कलाईकुण्ड एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति 20 जून को शाम 6.10 बजे वायुयान द्वारा जबलपुर एयरपोर्ट आएंगी। यहां से वे सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगी। वे रात्रि विश्राम जबलपुर के सर्किट हाउस में ही करेंगी। राष्ट्रपति अगले दिवस 21 जून को प्रात: 7ः20 बजे जबलपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम के पश्चात राष्ट्रपति दोपहर 11.40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के 36वें कान्क्लेव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।

इसके पश्चात् वे दोपहर 1.20 बजे जबलपुर एयरपोर्ट से ग्वालियर के लिए रवाना होंगी। वे दोपहर 2ः20 बजे ग्वालियर पहुंचेंगी। यहां से वे हेलिकॉप्टर द्वारा कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी। वे दोपहर 3ः35 बजे कूनो गेस्ट हाउस पहुंचेंगी। राष्ट्रपति रात्रि विश्राम कूनो गेस्ट हाउस में करेंगी। वे अगले दिवस 22 जून को प्रात: 6.30 वे कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी। राष्ट्रपति प्रात: 10.20 बजे कूनो नेशनल पार्क हेलीपेड से प्रस्थान कर प्रात: 11ः05 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगी और ग्वालियर एयरपोर्ट से प्रात: 11ः15 बजे वे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर