मध्य प्रदेश में 10 दिन में चोरी की कई वारदातों का खुलासा, 1.13 करोड़ की संपत्ति जब्त
- सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, वाहन एवं अन्य सामान जब्त किया
भोपाल, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस ने पिछले 10 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोटर पंप, लोहे के पाइप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य संपत्ति समेत कुल 1 करोड़ 13 लाख 45 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, टीकमगढ़ जिले के कुड़ीला थाना पुलिस ने पाइप चोरी की वारदात का खुलासा कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी के लोहे के पाइप और वारदात में प्रयुक्त दो वाहन समेत करीब 58 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
इसी तरह झाबुआ जिले के पेटलावद थाना पुलिस ने ग्राम उन्नई में एक दंपति के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटने की डकैती की घटना का खुलासा करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से आभूषण, 52 हजार 600 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त 15 लाख रुपये कीमत की कार समेत कुल 18 लाख 52 हजार 600 रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
ग्वालियर जिले के भितरवार थाना पुलिस ने नकबजनी के मामले में मुख्य आरोपित ताज खान और चोरी के जेवर खरीदने वाले अविनाश वाल्मीक को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपित की निशानदेही पर करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा खरीदार के कब्जे से सोने की अंगूठी जब्त की गई।
खरगोन जिले में जैतापुर पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का पर्दाफाश कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित दीपक उर्फ नेपाली के खिलाफ इंदौर, खंडवा, विदिशा और खरगोन जिलों में पहले से 33 अपराध दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपितों ने मार्च में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 6.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में प्रयुक्त लगभग 1.50 लाख रुपये कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल समेत कुल आठ लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
छतरपुर जिले में कोतवाली थाना पुलिस ने टौरिया मोहल्ले में चोरी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर 2.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए। वहीं, लवकुशनगर थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर को अभिरक्षा में लेकर ग्राम हिनौता में हुई चोरी के करीब तीन लाख रुपये कीमत के आभूषण बरामद किए।
जीआरपी भोपाल ने गंजबासौदा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के प्रथम श्रेणी वातानुकूलित (फर्स्ट एसी) कोच में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से आईफोन-13 प्रो, आईपैड, ईयरबड्स और एप्पल एयरटैग समेत करीब 2.63 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
जीआरपी ग्वालियर ने ट्रेनों, रेलवे स्टेशनों और आउटर क्षेत्रों में चोरी करने वाले सात आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके पास से थाने में दर्ज पांच अपराधों से संबंधित कुल 1 लाख 28 हजार 999 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
मुरैना जिले में स्टेशन रोड थाना पुलिस ने चोरी की एक वारदात का पांच दिन के भीतर खुलासा कर एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 3.27 लाख रुपये नकद, चोरी गया बैग, खाते की किताबें और अन्य संपत्ति बरामद की गई।
सागर जिले में कैंट थाना पुलिस ने ग्राम पटकुई स्थित मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में हुई चोरी का खुलासा कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। दोनों गोदाम में ही कर्मचारी थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 360 स्पीकर, 200 एयरपॉड्स और 945 सीएमएफ ईयरबड्स समेत करीब 2.34 लाख रुपये का सामान जब्त किया।
नर्मदापुरम जिले में पिपरिया के स्टेशन रोड थाना पुलिस ने नकबजनी की घटना का महज 10 घंटे में खुलासा कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत के दो टैबलेट बरामद किए गए।
खंडवा जिले में पुलिस ने किसानों के खेतों और कुओं से पानी की मोटर पंप चोरी करने वाले सात आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी के सात मोटर पंप जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये है।
कटनी जिले में ढीमरखेड़ा थाना पुलिस ने ग्राम महगवां में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने करीब 50 हजार रुपये कीमत की चोरी गई संपत्ति जब्त की। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपितों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत