प्रधानमंत्री रविवार को जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को करेंगे वर्चुअली संबोधित
- धार जिले के डही में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव होंगे शामिल
- डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का होगा लोकार्पण, जनजातीय अंचलों को मिलेंगी विकास कार्यों की सौगात
भोपाल, 14 नवंबर (हि.स.)। जन-नायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश में 14 से 16 नवम्बर तक तीन दिवसीय राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। समारोह के अंतर्गत रविवार, 15 नवम्बर को धार जिले के डही में मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी बबीता मिश्रा ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि डही में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। इसी अवसर पर डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण भी किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, संघर्ष, साहस और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के स्मरण के साथ जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को समर्पित है। रविवार, 15 नवम्बर को धार जिले के डही के साथ आलीराजपुर जिले के जोबट में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार में रोड शो भी करेंगे। इस दौरान वे क्षेत्र के ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को मिल रहे लाभों के संबंध में फीडबैक प्राप्त करेंगे।
डही सिंचाई परियोजना से धार और आलीराजपुर के किसानों को मिलेगा लाभ
जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस महत्वपूर्ण परियोजना से धार एवं आलीराजपुर जिले के किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा जल उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को विस्तार मिलेगा और किसानों की सिंचाई संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार जिले में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व अधिकार पंजीयन) के अंतर्गत पात्र पट्टेधारियों के भूखंड एवं मकानों की रजिस्ट्री का निष्पादन भी अपने समक्ष कराएंगे। साथ ही जिलेवासियों को करोड़ों रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे।
जनजातीय अंचलों में विकास और जनकल्याण को मिलेगी गति
समारोह में केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जनजातीय कार्य मंत्री कुँवर विजय शाह, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
तीन दिवसीय समारोह के अंतर्गत 16 नवम्बर को खंडवा जिले और शहडोल जिले के ब्यौहारी में भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान और जनजातीय अंचलों में विकास एवं जनकल्याण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर