ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में नई दर्शन व्यवस्था लागू, अब 10 फीट दूर से होंगे सुलभ दर्शन

 


खंडवा, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में जिला प्रशासन द्वारा विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री ओंकारेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्थाओं में विशेष बदलाव किया गया है। यहां शनिवार को एकादशी के अवसर पर नई दर्शन व्यवस्था लागू कर दी गई है।

खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि पिछले कुछ समय से शुकदेव मुनि द्वार के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा था, जो कि अब पूरा हो गया है। इस कार्य के पूरा हो जाने से शनिवार को एकादशी पर्व से भक्तों के लिए ओंकार जी के दर्शन पहले से अधिक सुलभ हो गए हैं। नई व्यवस्था के तहत शुकदेव मुनि द्वार के चौड़ीकरण के बाद भक्तों को 10 फीट दूर से दर्शन कराए जा रहे हैं, और दर्शन के बाद श्रद्धालुओं की निकासी चांदी द्वार से कराई जा रही है।

श्रद्धालुओं ने जताई खुशी, आसानी से हो रहे दर्शन

शनिवार को गाजियाबाद से आए श्रद्धालु गौरव सिंह ने कहा कि मैं पहले भी कई बार ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए आया हूं, लेकिन आज जो दर्शन का अनुभव किया वह अद्भुत और आनंददायक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री ओंकारेश्वर के नजदीक से दर्शन करने की अपेक्षा जो व्यवस्था दूर से की गई है यह काफी अच्छी है, क्योंकि अब कुछ देर रुक कर आराम से दर्शन कर सकते हैं। पहले दर्शन पास से कराए जाते थे, लेकिन ज्यादा देर रुक कर दर्शन नहीं कर पाते थे और मन में सुकून से दर्शन करने की इच्छा अधूरी सी रह जाती थी।

वहीं, दिल्ली से आई भक्त ईशा शर्मा ने बताया कि आज तो मन भरकर दर्शन किए, मन तृप्त और आनंदित हो गया। उन्होंने कहा कि पहले कुछ सेकंड में ही दर्शन करने होते थे, क्योंकि पीछे के अन्य श्रद्धालुओं को दर्शन की जल्दी रहती थी और धक्का-मुक्की में ढंग से दर्शन नहीं हो पाते थे। अब नई व्यवस्था में दर्शन के लिए निर्धारित स्थान काफी चौड़ा होने से एक साथ बहुत से श्रद्धालु रुक कर आसानी से दर्शन कर पा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर