मप्र पुलिस के नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान को मिली वैश्विक पहचान
- बड़वानी पुलिस की अभिनव पहल वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज
भोपाल, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान जनभागीदारी के माध्यम से एक व्यापक सामाजिक आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से संचालित इस अभियान को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल रही है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी दी कि बड़वानी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में नशामुक्ति विषय पर चित्रकला एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा 16 हजार 700 ड्राइंग शीट्सपर तैयार किए गए चित्रों एवं स्लोगनों के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस अभिनव पहल को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन द्वारा मान्यता प्रदान करते हुए बड़वानी पुलिस का नाम रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। बावनगजा में आयोजित समारोह में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इसी क्रम में बुरहानपुर पुलिस द्वारा जिले के 113 विद्यालयों के 32 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ अपने हाथों से नशा मुक्ति संबंधी संदेश लिखकर हस्ताक्षर किए तथा नशे से दूर रहने एवं समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस ऐतिहासिक जनभागीदारी को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन में विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज कराने हेतु आवश्यक दस्तावेज, फोटोग्राफ, वीडियो एवं अन्य प्रमाण सत्यापन के लिए प्रेषित किए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने जानकारी दी गई कि दोनों जिलों में आयोजित गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के विरुद्ध अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति और संकल्प के जरिए समाज को सकारात्मक संदेश दिया। यह सहभागिता दर्शाती है कि नशामुक्ति का अभियान केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक चेतना, जनसहभागिता और युवाओं की सक्रिय भूमिका पर आधारित जनआंदोलन बन चुका है।
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत प्रदेश में नशामुक्ति शपथ, जन-जागरूकता रैलियां, खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं, संवाद कार्यक्रम के साथ ही नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी है। मध्य प्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे नशे के विरुद्ध इस जनआंदोलन में सक्रिय भागीदार बनें, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर