मप्र से कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन ने भरा नामांकन, तीसरी राज्यसभा सीट पर घमासान

 




भाजपा के तीसरे उम्मीदवार से बढ़ी सियासी हलचल, विधायकों की एकजुटता पर कांग्रेस का जोर

भोपाल, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने सोमवार को विधानसभा स्थित रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने वरिष्ठ नेताओं और अधिकांश विधायकों की मौजूदगी दर्ज कराई।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीनाक्षी नटराजन ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया। इस दौरान जीतू पटवारी स्वयं विधायकों को रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष तक लेकर पहुंचे।

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि यह केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि विचारधाराओं की लड़ाई है। उन्होंने कहा, कांग्रेस किसानों, मजदूरों, आदिवासियों और आम लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। हम सभी एकजुट होकर यह चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। नटराजन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद को ‘पार्टी विद डिफरेंस’ बताने वाली भाजपा की राजनीतिक शुचिता और नैतिकता इस चुनाव में स्पष्ट दिखाई दे रही है।

भाजपा के तीसरे उम्मीदवार से बढ़ी सियासी हलचल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा महेश केवट को सोमवार को तीसरे उम्मीदवार के रूप में उतारने के ऐलान के बाद कांग्रेस ने भी अपनी राजनीतिक रणनीति तेज कर दी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार विधायकों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है और उन्हें भोपाल में रहने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर विधायकों को दूसरे राज्य में शिफ्ट करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। इसी बीच कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद, राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी के साथ दिल्ली रवाना हुए हैं। राजनीतिक हलकों में इसे राज्यसभा चुनाव से जुड़ी रणनीतिक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि मसूद ने इसे निजी दौरा बताया है।

कांग्रेस ने लगाया खरीद-फरोख्त का आरोप

आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने भाजपा पर कांग्रेस विधायकों को प्रलोभन देने का आरोप लगाया है। भूरिया ने कहा कि कांग्रेस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और अपने विधायकों की एकजुटता सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी।नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि भाजपा का कैंडिडेट डमी कैंडिडेट है। वहीं कांग्रेस विधायकों की शिफ्टिंग पर सिंघार ने कहा कि हम लोग चर्चा करेंगे। फिर तय करेंगे कि बाहर जाना है या नहीं जाना है।

दिग्विजय का भाजपा को जवाब

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा के दावों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा गलतफहमी में है और पार्टी के सभी विधायक मजबूती से कांग्रेस उम्मीदवार के साथ खड़े हैं। वहीं कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे और सुनील उईके ने भी दावा किया कि मीनाक्षी नटराजन को अपेक्षा से अधिक समर्थन मिलेगा और चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे