मप्र के मंडला जिले में निवेश के नाम पर 1.75 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार
- लगभग 66 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
भोपाल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में निवेश की राशि कम समय में दोगुनी कर लौटाने का लालच देकर लोगों से राशि प्राप्त करने संबंधी प्रकरण में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण की जांच में अब तक करीब एक करोड़ 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी संबंधी शिकायतें सामने आई हैं।
मंडला जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 32 लाख रुपये नकद, तीन स्कूटी, एक मारुति ब्रेजा कार, एक हुंडई अल्काजार कार तथा एक मोबाइल फोन सहित लगभग 66 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने लोगों को उनकी जमा पूंजी निवेश कराने और कम समय में रकम दोगुनी करके लौटाने का भरोसा दिलाया। कई लोगों ने इस भरोसे में रकम दी, लेकिन तय समय के बाद पैसा वापस नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मंडला पुलिस द्वारा विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश एवं पतासाजी की गई। टीमों द्वारा नागपुर, गोंदिया, मुंबई, बालाघाट सहित विभिन्न स्थानों पर जानकारी एकत्र कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस की समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप गोंदिया, बालाघाट एवं मंडला से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राजिक कुरैशी (31), मोहसिन उर्फ समीम खान (32), अब्दुल समीर शेख (30), राशिद खान (36), साजिद खान (40) और इमरान शेख (26) शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी मंडला और कुछ महाराष्ट्र के गोंदिया क्षेत्र से जुड़े बताए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हुंडई अल्काजार कार पूर्व में गिरवी रखी हुई थी, जिसे आरोपियों द्वारा कथित रूप से धोखाधड़ी से प्राप्त राशि में से 11 लाख रुपये नकद देकर छुड़ाया गया था। पुलिस द्वारा धोखाधड़ी से प्राप्त राशि का वाहनों एवं अन्य वस्तुओं की खरीद में उपयोग किए जाने के संबंध में भी जांच की जा रही है।
अन्य प्रकरणों एवं वित्तीय लेन-देन की भी जांच
पुलिस के अनुसार, जांच में एक आरोपी के विरुद्ध महाराष्ट्र के नागपुर जिले के नंदनवन थाने में भी धोखाधड़ी का प्रकरण पंजीबद्ध होना सामने आया है। उक्त प्रकरण में आरोपी के जमानत पर होने की जानकारी प्राप्त हुई है। वर्तमान प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर निवेशकों की पहचान, उनसे प्राप्त राशि, आपसी वित्तीय लेन-देन, अर्जित संपत्तियों तथा धोखाधड़ी से प्राप्त राशि के उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। प्रकरण की जांच जारी है।
मध्य प्रदेश पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कम समय में धनराशि दोगुनी करने अथवा असामान्य रूप से अधिक लाभ देने के प्रलोभन में अपनी जमा पूंजी निवेश न करें। किसी भी निवेश योजना में राशि लगाने से पूर्व उसकी सत्यता एवं वैधानिकता की जांच अवश्य करें। संदिग्ध निवेश योजना अथवा धोखाधड़ी की जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर