महाकाल मंदिर प्रबंधन का बड़ा फैसला, दर्शन के लिए आने वाले हर श्रद्धालु को मिलेगा निशुल्क प्रसाद

 


भोपाल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रबंध समिति ने एक बड़ा फैसला लिया है। मंदिर के इतिहास में पहली बार समिति की ओर से प्रतिदिन आम श्रद्धालुओं को नि:शुल्क प्रसाद वितरित किया जाएगा। यह नई व्यवस्था शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है।

मंदिर प्रबंध समिति की उप प्रशासक सिम्मी यादव ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि समिति द्वारा लगातार दर्शनार्थियों की सुगमता और सेवा के लिए नए नवाचार किए जा रहे हैं। इसी सोच के तहत अब मंदिर आने वाले प्रत्येक भक्त को खाली हाथ न लौटना पड़े, इसके लिए प्रतिदिन निशुल्क प्रसाद वितरण का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि दर्शन करने के बाद बाहर निकलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के दो प्रमुख एग्जिट गेटों (निकास द्वारों) पर विशेष काउंटर बनाए गए हैं, जहां से प्रसाद आसानी से मिलेगा। श्रद्धालुओं को पैकेट में चने, चिरौंजी और रेवड़ी का सूखा प्रसाद दिया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले भक्त इसे बिना किसी असुविधा के अपने साथ घर भी ले जा सकें।

भगवान को भोग अर्पण के बाद शुरुआत

प्रसाद वितरण की प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह की प्रथम पूजा-अर्चना के बाद शुरू होगी। बाबा महाकाल को विधिवत नैवेद्य और भोग अर्पित करने के उपरांत ही इसे प्रसादी के रूप में भक्तों में बांटा जाएगा। मंदिर समिति के इस अभूतपूर्व नवाचार से दूर-दराज और देश के कोने-कोने से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। अब बाबा महाकाल के दिव्य दर्शनों के साथ ही हर भक्त को प्रसाद का पावन आशीष भी सहजता और सम्मान के साथ प्राप्त हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर