मप्र के सांची में 28-29 नवम्बर को ‘महाबोधि महोत्सव’ का आयोजन, देश-विदेश के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां

 




- बौद्ध दर्शन, कला, संगीत और साहित्य का अनूठा संगम होगा दो दिवसीय महोत्सव

रायसेन, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की रायसेन जिले में स्थित विश्व पर्यटन नगरी सांची में भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, मैत्री और मानवता के संदेश को कला एवं संस्कृति के विविध माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुप्रतिष्ठित महाबोधि महोत्सव का आयोजन भव्य और दिव्य रूप में किया जा रहा है।

आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को साँची स्थित बुद्ध जन्मभूमि पार्क (पुराना विश्राम भवन परिसर) में प्रतिदिन सायं 6.30 बजे से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश के कलाकारों की सहभागिता रहेगी।

संस्कृति संचालक एनपी नामदेव ने शुक्रवार को बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन, रायसेन एवं महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के सहयोग से ‘कलाओं में बौद्ध विचार पर एकाग्र’ भावभूमि पर केंद्रित यह महोत्सव बौद्ध दर्शन, लोकसंस्कृति, संगीत, नृत्य और साहित्य का अनूठा संगम है। महोत्सव के माध्यम से भगवान बुद्ध के विचारों की सार्वकालिक प्रासंगिकता को कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सहभागिता के अंतर्गत श्रीलंका और जापान के कलाकार अपनी पारंपरिक लोककलाओं एवं गायन प्रस्तुतियों से दर्शक-श्रोताओं को विभिन्न देशों की बौद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराएंगे। यह आयोजन भारत और अन्य बौद्ध परंपरा से जुड़े देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने का भी अवसर बनेगा।

नामदेव ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिवस 28 नवम्बर को श्रीलंका के कलाकारों द्वारा लोकनृत्य एवं गायन की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही पंचशील सांस्कृतिक मंच, अशोक पाटिल, भोपाल के निर्देशन में नृत्य एवं गायन की प्रस्तुति करेंगे। वहीं, मुंबई की सुविख्यात गायिका गायिका सायली कांबले एवं समूह द्वारा बौद्ध एवं भक्ति गायन की सुरमयी प्रस्तुति दी जाएगी। विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रथम संध्या में बौद्ध परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और लोककलाओं के रंग एक साथ देखने को मिलेंगे।

29 नवम्बर को भगवान बुद्ध केंद्रित नृत्य-नाटिका और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

महोत्सव के दूसरे दिन 29 नवम्बर को श्रीलंका एवं जापान के कलाकारों द्वारा लोकनृत्य और गायन की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस अवसर पर भगवान बुद्ध की शिक्षाओं पर केंद्रित जातक कथा ‘वृत्तिनाशक’ पर आधारित नृत्य-नाटिका विशेष आकर्षण होगी, जिसकी प्रस्तुति चिल्ड्रन्स थिएटर अकादमी, भोपाल द्वारा दी जाएगी।

नृत्य और नाट्य के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन मूल्यों, शिक्षाओं और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया जाएगा। द्वितीय दिवस का एक अन्य प्रमुख आकर्षण अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। इसमें देश के प्रतिष्ठित कवि अपनी काव्य रचनाओं के माध्यम से साहित्यिक रसधारा प्रवाहित करेंगे। इसमें जगदीश सोलंकी (कोटा), ममता शर्मा (आगरा), अंकिता सिंह (वाराणसी), प्रख्यात मिश्रा (लखनऊ), विनम्र सेन सिंह (प्रयागराज), धर्मवीर धरम (दिल्ली), लक्ष्मण नेपाली (रायसेन) एवं रवीन्द्र शर्मा (ग्वालियर) शामिल हैं। कवि सम्मेलन में विविध भावों और समकालीन संवेदनाओं से ओतप्रोत रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को साहित्यिक अभिव्यक्ति का विशेष अनुभव मिलेगा।

सांची महोत्सव से देश-दुनिया में पहुंचेगा सोलर एनर्जी और जीरो वेस्ट मैनेजमेंट का संदेश

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन एवं बौद्ध तीर्थ स्थल सांची में आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को आयोजित होने वाले महाबोधि महोत्सव की तैयारियों की भोपाल संभागायुक्त करमवीर शर्मा ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा की। रायसेन कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने बैठक में वीसी से जुड़कर महोत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी।

संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि सांची सोलर सिटी है और महोत्सव के माध्यम से सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचना चाहिए। महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही कई देशों से बौद्ध धर्मावलम्बी और पर्यटक शामिल होंगे, इसलिए आयोजन हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर की गरिमा के अनुरूप तैयारियां की जाएं।

कलेक्टर सिसोनिया ने संभागायुक्त को बताया कि सांची महोत्सव को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए जीरो वेस्ट मैनेजमेंट की विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें कचरे के प्रभावी प्रबंधन और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

संभागायुक्त ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महोत्सव का आयोजन भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित हो। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अतिथियों के आगमन पर निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर सिसोनिया ने महोत्सव के दौरान आपातकालीन चिकित्सा एवं त्वरित उपचार व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, डायवर्सन रूट, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोजन में शामिल होने वाले अतिथियों एवं पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा महोत्सव को यादगार बनाने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर