जनसुनवाई और जन-विश्वास शिविर बड़ी योजनाओं जितने ही महत्वपूर्ण, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी : सिंधिया

 




गुना, 18 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हर शुक्रवार प्रदेश के सभी जिलों में शासन-प्रशासन द्वारा ‘‘सेवा ही संकल्प’’ की भावना के साथ जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। जनसुनवाई और जन-विश्वास शिविर बड़ी योजनाओं जितने ही महत्वपूर्ण हैं। प्राप्त आवेदनों का गंभीरता और तत्परता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को मध्य प्रदेश के गुना जिले के प्रवास के दौरान ‘’मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के अंतर्गत बरखेड़ागिर्द में आयोजित शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ड्रोन दीदी के माध्यम से आधुनिक तकनीक आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है। किरण द्वारा ड्रोन संचालन का प्रदर्शन इसका उदाहरण है। शिविर में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया कि कैंट चौराहे से गुलाबगंज तक सड़क का डीपीआर तैयार हो चुका है। लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

सिंधिया ने शुक्रवार को ‘’मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के अंतर्गत बरखेड़ागिर्द में विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया तथा जन-विश्वास शिविर में शामिल होकर आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर में ई-केवाईसी, आधार, स्वास्थ्य सहित विभिन्न सेवाओं की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। इस दौरान कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं ग्राम पगारा की ड्रोन दीदी किरण अहिरवार ने ड्रोन संचालन का प्रदर्शन कर आधुनिक तकनीक के ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचने की मिसाल प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत भी उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री ने सबसे पहले बरखेड़ागिर्द स्थित राशन दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने राशन वितरण की पूरी प्रक्रिया को समझा तथा व्यवस्था को इसी प्रकार व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने बरखेड़ागिर्द आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां बच्चों से संवाद किया और गर्भवती माताओं को पोषण आहार किट वितरित की।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्राम पगारा की ड्रोन दीदी किरण अहिरवार से संवाद किया। किरण अहिरवार वर्मी कंपोस्ट, जैविक खेती और नमो ड्रोन के माध्यम से लगभग 12-15 हजार रुपये प्रतिमाह की आय अर्जित कर रही हैं। वह अब मास्टर ट्रेनर के रूप में लगभग 125 से अधिक किसानों को जैविक खेती की बारीकियां सिखा रही हैं। इस दौरान उन्होंने ड्रोन उड़ाकर उसका डेमोस्ट्रेशन भी दिया।

बरखेड़ागिर्द में आयोजित ‘’मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर’’में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगाई गईं। साथ ही स्वास्थ्य कैंप, ई-केवाईसी, आधार सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर पंजीयन कराया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

शिविर में बलवीर सिंह ने सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने की समस्या बताई। मौके पर प्रकरण की जांच करने पर उनकी ई-केवाईसी पूर्ण नहीं पाई गई। तत्काल ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई गई तथा बैंक स्टेटमेंट की प्रिंट निकालकर उन्हें बताया गया कि उनके खाते में राशि जारी हो चुकी है। इसी प्रकार अन्य कई प्रकरणों का भी मौके पर निराकरण किया गया। शेष समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को शिविर में हितग्राहियों से संवाद करते हुए कहा कि देश की आबादी को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता का उपयोग करने का अवसर मिलेगा, तभी देश पूरी क्षमता के साथ विकास कर सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए हैं। मंच पर महिलाओं द्वारा साझा की गई प्रेरक कहानियां महिला सशक्तिकरण और बदलाव की तस्वीर को स्पष्ट रूप से सामने रखती हैं।

केन्द्रीय मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई हितग्राही एवं योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने लाड़ली बहना योजना, स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों तथा आवास योजना से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने बैंक सखी रेखा शाक्यवार, जिज्जी की पंचायत रेस्टोरेंट का संचालन करने वाले स्व-सहायता समूह की सदस्य मंजू सेन, लाड़ली बहना योजना की हितग्राही शोभा शर्मा एवं रामवती कुशवाहा तथा आवास योजना की हितग्राही कांति मिलन से उनके अनुभव और योजनाओं से हुए बदलाव के संबंध में जानकारी ली।

कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मंच के माध्यम से महिलाओं की अलग-अलग प्रेरक कहानियां सामने आई हैं। महिलाओं की भागीदारी केवल योजनाओं का लाभ लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे रोजगार, उद्यम, खेल, खानपान और अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने जिज्जी की पंचायत का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं वहां गए हैं और वहां किए जा रहे कार्यों को नजदीक से देखा है। महिलाओं द्वारा तैयार किया गया छोटा-सा मॉल और अन्य गतिविधियां गुना बाईपास को आकर्षक एवं जीवंत स्थान बना रही हैं।

कार्यक्रम में मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान जनता की समस्याओं के समाधान के लिए है। यह जनसुनवाई से मिलता-जुलता अभियान है, जो जनवरी तक चलेगा। इसका उद्देश्य है कि नागरिकों को अपने काम के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी और जनप्रतिनिधि अन्य कार्यों के बजाय जनता की सेवा और उनकी समस्याओं के समाधान पर ध्यान देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर