मप्र के उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय सम्मेलन संपन्न, अगला अधिवेशन 2027 में मॉरीशस में होगा

 




- भारतीय संग्रहालय संघ ने जारी किया ‘महाकाल घोषणा पत्र’, संग्रहालयों के भारतीयकरण, लोक व जनजातीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर

उज्जैन, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास, भारतीय संग्रहालय संघ एवं दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय सम्मेलन ‘लोकाव्यंजना–2026’ का रविवार को समापन हुआ। इस अवसर पर मॉरीशस से आए मुकेश चुन्नी ने घोषणा की कि भारतीय संग्रहालय संघ द्वारा 02 नवंबर 2027 को पोर्ट लुई, मॉरीशस में एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। साथ ही अगले अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन के वर्ष 2027 में आयोजन की घोषणा की गई।

सम्मेलन के अंतिम दिन लोक एवं जनजातीय सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों, मौखिक परंपराओं, संग्रहालयों में सांस्कृतिक प्रतिनिधित्व तथा विरासत संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अकादमिक विमर्श हुआ। सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण भारतीय संग्रहालय संघ द्वारा जारी किया गया ‘महाकाल घोषणा पत्र’ रहा, जिसमें भारतीय दृष्टिकोण से संग्रहालयों के विकास एवं भारतीयकरण पर विशेष बल दिया गया।

अंतिम दिवस का शुभारंभ दत्तोपंत ठेंगड़ी स्मृति व्याख्यान से हुआ। इसमें भारतीय मजदूर संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सज्जी नारायण सी.के. ने अपने व्याख्यान में वेद, रामायण, महाभारत सहित भारतीय साहित्य एवं शास्त्रीय परंपरा के संदर्भों के माध्यम से भारत के सनातन दर्शन की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने दत्तोपंत ठेंगड़ी को राष्ट्रऋषि बताते हुए श्रमिक आंदोलनों के भारतीयकरण में उनके वैचारिक योगदान और आपातकाल के दौरान उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इसके पश्चात सभागार एवं कॉन्फ्रेंस कक्ष में समानांतर अकादमिक सत्र आयोजित किए गए। एक सत्र की अध्यक्षता डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा ने की। इसमें मौखिक परंपराओं के दृश्य प्रतिनिधित्व, रामकथा की संग्रहालयीय प्रस्तुति, उदयपुर के सिटी पैलेस संग्रहालय में जनजातीय इतिहास, ओडिशा के घुमुरा नृत्य की विरासत, संग्रहालयों में जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधित्व तथा महिलाओं एवं बच्चों की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों जैसे विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। दूसरे सत्र की अध्यक्षता डॉ. सीमा यादव ने की। इसमें जीवंत मौखिक परंपराओं के संरक्षण, थारू समुदाय के लोक प्रतीकों, कोलम परंपरा, बंगाल की लोक संस्कृति, टेराकोटा कला के माध्यम से क्षेत्रीय इतिहास, संथाल सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों तथा ग्रामीण भारत की लोक संस्कृति पर शोध प्रस्तुत किए गए।

सम्मेलन के तीसरे दिन कुल 35 शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें परम संस्थान, बेंगलुरु, कुमाऊँ विश्वविद्यालय एवं डॉ. बी.आर. अम्बेडकर विश्वविद्यालय सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने सहभागिता की। तीन दिवसीय सम्मेलन में संग्रहालयों की बदलती भूमिका, लोक एवं जनजातीय कलाओं के दस्तावेजीकरण, सांस्कृतिक स्मृतियों के संरक्षण तथा पारंपरिक ज्ञान एवं अभिव्यक्तियों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के उपायों पर व्यापक चर्चा हुई।

समापन समारोह में भारतीय संग्रहालय संघ के अध्यक्ष डॉ आनंद वर्धन, वीर भारत न्यास, मध्य प्रदेश के सचिव श्रीराम तिवारी, राहुल रस्तोगी एवं दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान, भोपाल के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। समारोह में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के कुलपति प्रो. अर्पण भारद्वाज मुख्य अतिथि तथा मॉरिशस के पूर्व संस्कृति मंत्री मुक्तेश्वर चुन्नी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर प्रो. अर्पण भारद्वाज ने झाबुआ एवं शहडोल क्षेत्रों में अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए जनजातीय समाज की सहजता, सरलता और समृद्ध जीवन परंपराओं को रेखांकित किया। उन्होंने सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के विशाल संग्रह तथा कला एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए संचालित परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की।

‘महाकाल घोषणा पत्र’- संग्रहालयों के भारतीयकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

सम्मेलन का विशेष आकर्षण भारतीय संग्रहालय संघ द्वारा जारी ‘महाकाल घोषणा पत्र’ रहा। इस घोषणा पत्र में संग्रहालयों को भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक दृष्टि एवं सभ्यतागत चेतना के अनुरूप विकसित करने पर बल दिया गया। भारतीय सौन्दर्यशास्त्र के अनुरूप संग्रहालयों की संकल्पना, निर्माण, प्रस्तुतीकरण एवं संचालन तथा लोक एवं जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को सम्मानजनक स्थान देने की आवश्यकता को रेखांकित किया गया। यह घोषणा करते हुए संघ के अध्यक्ष डॉ आनंद वर्धन ने कहा कि यह भारतीय संग्रहालयों को औपनिवेशिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाकर भारतीय दृष्टि, मूल्यों और सांस्कृतिक आत्मबोध के आधार पर विकसित करने का महत्वपूर्ण संकल्प है।

सम्मेलन में शोध एवं प्रस्तुतिकरण के आधार पर वृष्टि मित्तल, मेदिनी जायसवाल एवं अंकित चंचल को पुरस्कृत किया गया। वहीं जर्नल ऑफ इंडियन म्यूजियम के आवरण डिजाइन के लिए सुश्री जसनीत कौर ‘गिन्नी’ को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। भारतीय संग्रहालय संघ के सचिव श्री राजेश प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

भारतीय संग्रहालय संघ के अध्यक्ष डॉ आनंद वर्धन ने बताया कि सम्मेलन में प्रस्तुत शोधपत्रों का शीघ्र प्रकाशन किया जाएगा। यह प्रकाशन संग्रहालयों के भावी विकास, भारतीय ज्ञान परंपरा के समावेश, लोक एवं जनजातीय विरासत के संरक्षण तथा भारतीय दृष्टिकोण से संग्रहालयों की नई संकल्पना विकसित करने में उपयोगी मार्गदर्शक सिद्ध होगा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर