(संशोधित) मप्र के इंदौर में सड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्तेदार की मौत, दिल्ली एयरलिफ्ट किया गया शव

 


इंदौर, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्तेदार की मौत हो गई। शिप्रा थाना क्षेत्र में रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। शुक्रवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को एयर लिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया है।

मृतक की पहचान प्रभात सिंह (29) के रूप में हुई है। वे उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रेवती, गाय घाट के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि मृतक प्रभात सिंह के पिता स्वर्गीय प्रदीप सिंह की भानजी की शादी राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह के साथ हुई है। यानी प्रभात सिंह रिश्ते में नीरज सिंह के मामा ससुर के बेटे हैं।

शिप्रा थाना पुलिस के अनुसार, प्रभात सिंह अपने तीन परिचितों के साथ किसी काम से देवास आए थे। गुरुवार रात वे कार से इंदौर की तरफ आ रहे थे। उन्होंने ग्राम शिप्रा के पास किसी काम से कार रोकी और जब वापस कार में बैठने लगे, तभी तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में प्रभात के सिर में गहरी चोट आई। साथी उन्हें लेकर इंदौर के अरबिंदो अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। विशेष अनुमति लेकर रात करीब तीन बजे पोस्टमार्टम कराया गया, ताकि पार्थिव शरीर को जल्द परिजनों तक पहुंचाया जा सके। शुक्रवार सुबह उनके शव को विशेष विमान के माध्यम से एयर लिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया। बताया जा रहा है कि दिल्ली से उनके पार्थिव शरीर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी ले जाया जाएगा, जहां परिवार की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही देर रात सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी अरबिंदो अस्पताल पहुंचे। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की।

क्षेत्र के एसडीओपी देवेन्द्र धुर्वे ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। शिप्रा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बस की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर